चतरा में हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, किसी बड़ी घटना की थी साजिश Chatra News
पुलिस ने हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी गुप्त सूचना पर हुई है। उनके पास से एक देशी पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किया गया है।
प्रतापपुर(चतरा), जासं। चतरा जिले के प्रतापपुर थाना की पुलिस ने हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी गुप्त सूचना पर हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किया है। बताया गया कि तीनों अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
बिहार में किसी बड़ी घटना की थी साजिश
हथियार के साथ गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया है कि सीमावर्ती राज्य बिहार में लूटपाट की घटना को अंजाम देने जा रहे थे। लेकिन पुलिस ने उनकी योजना को विफल बना दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापपुर थाना क्षेत्र से सटे इलाके में कुछ संदिग्ध एक पिकअप वान से घूम रहे हैं। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधियों में चंद्रीगोविंदपुर निवासी दामोदर पाठक का पुत्र मुकेश पाठक, गया जिले के बदौली गांव निवासी मस्ताना सिंह और आनंद सिंह का नाम शामिल है। पिक अप वान आनंद सिंह का है।