अयोध्या करती है आह्वान, ठाट से कर राम मंदिर निर्माण
संवाद सूत्र हंटरगंज(चतरा) अयोध्या करती है आह्वान ठाट से कर राम मंदिर निर्माण के नार
संवाद सूत्र, हंटरगंज(चतरा): अयोध्या करती है आह्वान, ठाट से कर राम मंदिर निर्माण'' के नारे के साथ शुक्रवार को निधि संग्रह अभियान का धूमधाम से आगाज किया गया। इस मौके पर प्रखंड मुख्यालय में बाजे-गाजे के साथ भव्य जागरुकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल भगवा पगड़ी धारी प्रतिभागी जय श्री राम के गगनभेदी नारे लगाते और दर्जनों ढोल की ताल पर नाचने जा रहे थे। रैली पानी टंकी के निकट से प्रारंभ हुई और बाजार, हाईस्कूल, कौलेश्वरी मोड़, ब्लाक मोड़, ब्लाक कालोनी, हाईस्कूल मैदान, औरु रोड होते हुए गायत्री मंदिर पहुंची। वहां गायत्री मंदिर मैदान में एक सभा का आयोजन किया गया। सभा में अयोध्या में प्रस्तावित भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए निधि संग्रह अभियान पर चर्चा की गई। उस दौरान निधि संग्रह के लिए रणनीति तैयार की गई। तय किया गया कि इस अभियान के तहत प्रखंड के सभी घरों से संपर्क किया जाएगा। हर घर से न्यूनतम दस रुपये का सहयोग लिया जाएगा। वैसे दाता अपनी इच्छा से ज्यादा भी सहयोग कर सकता है। उसके लिए कोई सीमा निर्धारित नहीं किया गया है। सहयोग राशि दाता को निधि संग्रह करने वाला बाजाप्ता प्राप्ति रसीद देगा। दाता चेक से भी सहयोग राशि दे सकता है। सीधा राम मंदिर निर्माण कमेटी के बैंक खाते में भी राशि डाली जा सकती है। रैली और सभा में मुख्य रूप से बिटू सिंह, भवानी सिंह, अभय सिंह, अरुण चौरसिया, नितेश कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभा के दौरान निधि संग्रह के लिए एक कमेटी का गठन किया गया। तय हुआ कि पंचायत स्तर पर भी कमेटियों का गठन किया जाएगा। वही कमेटी घर-घर संपर्क अभियान चलाएगी। निधि संग्रह अभियान 27 फरवरी तक चलाया जाएगा।