विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चतरा में बेलगाम कोल हाइवा का कहर: स्कूटी सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत, लोगों ने सड़क जामकर किया प्रदर्शन

By ZULQAR NAINEdited By: Shashank Baranwal
Published: Wed, 06 May 2026 11:46 AM (IST)

चतरा के टंडवा में एक तेज रफ्तार कोल हाइवा ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

संवाद सूत्र, टंडवा (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र में कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे ब्लाक मोड़ के आगे मजराही में एक अनियंत्रित कोल हाइवा ने स्कूटी सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए वाहन आगे बढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान शशिकांत कांत (30 वर्ष), पिता शंकर महतो, ग्राम तीलीर (पदमा) और सौरभ कुमार उर्फ छोटू (32 वर्ष), ग्राम कुजू के रूप में हुई। दोनों आपस में रिश्तेदार थे।

बताया गया कि दोनों युवक शंकर महतो के पास जा रहे थे, जो ट्रक चालक हैं और तीन दिनों से भूख-प्यास से बेहाल हालत में ब्रेकडाउन ट्रक के पास फंसे हुए थे। युवक उनके लिए बैटरी लेकर बसरिया लरंगा की ओर जा रहे थे।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय मुखिया महेश मुण्डा ने कहा कि कोल हाइवा का आतंक अब बर्दाश्त के बाहर हो गया है।

उन्होंने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषी वाहन चालक व मालिक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला परिवहन में लगे भारी वाहन नियमों की अनदेखी करते हुए तेज रफ्तार में चलते हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी इन वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आम लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल कोल वाहन रविन्द्र एंटरप्राइजेज ट्रांसपोर्टिंग कंपनी (मालिक मुन्ना सिंह) का था। यह वाहन बड़कागांव से कोयला लेकर बरवाडीह, सिमरिया और टंडवा होते हुए मिश्रोल प्लांट में कोयला खाली कर लौट रहा था।

यह भी पढ़ें- जामताड़ा में रिश्तों का खून: बेटी की डोली उठते ही लड़ाई, बेटे ने कुदाल मारकर की पिता की हत्या