चतरा के 13 सरकारी स्कूलों को बढ़ेगा सुरक्षा, DMFT मद से ₹2.76 करोड़ की लागत से बनेगी चारदीवारी
चतरा के गिद्धौर प्रखंड के 13 सरकारी विद्यालयों में डीएमएफटी मद से 2.76 करोड़ रुपये की लागत से चारदीवारी का निर्माण होगा।

चतरा के 13 सरकारी स्कूलों को बढ़ेगा सुरक्षा
HighLights
गिद्धौर के 13 सरकारी स्कूलों में चारदीवारी का निर्माण।
डीएमएफटी मद से 2.76 करोड़ रुपये की लागत।
बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित।
संवाद सहयोगी, गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के 13 सरकारी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था अब सुदृढ़ होगी। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से जिला परिषद द्वारा इन विद्यालयों में चारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला परिषद के जिला अभियंता की ओर से निविदा निकाली गई है। कुल 2 करोड़ 76 लाख 31 हजार 900 रुपये की लागत से विद्यालयों की चारदीवारी का निर्माण प्रस्तावित है।
बताया गया कि सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल एवं जिला परिषद सदस्य अनीता यादव की पहल पर इन विद्यालयों में चारदीवारी निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।चारदीवारी बनने से विद्यालय परिसर सुरक्षित होने के साथ-साथ बच्चों के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
अनाधिकृत प्रवेश लगेगी रोक
विद्यालय परिसर में अनाधिकृत प्रवेश, मवेशियों के प्रवेश तथा अन्य गतिविधियों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। निविदा के तहत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय अमीन में 20 लाख 61 हजार 100 रुपये, ब्रह्मपुर में 11 लाख 53 हजार 600 रुपये, मायाडीह में 6 लाख 99 हजार 800 रुपये से चारदीवारी निर्माण होगा।
वहीं पांडेयमहुआ में 7 लाख 92 हजार 500 रुपये, घटेरी में 20 लाख 61 हजार 100 रुपये, कुबरी में 15 लाख 14 हजार 700 रुपये, मंझगांवा में 20 लाख 61 हजार 100 रुपये, महुआपुर में 36 लाख 81 हजार 300 रुपये तथा पूर्णाडीह में 7 लाख 92 हजार 500 रुपये की लागत से चारदीवारी निर्माण होगा।
इसी प्रकार सिंदुआरीखुर्द में 24 लाख 22 हजार 200 रुपये, सूर्याटांड़ में 40 लाख 42 हजार 400 रुपये, केंदुआ में 26 लाख 68 हजार 300 रुपये तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय पिंडारकोण में 36 लाख 81 हजार 300 रुपये की लागत से चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा।
बच्चों के हित में भी महत्वपूर्ण साबित
चारदीवारी निर्माण की स्वीकृति और निविदा निकलने से संबंधित विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने पहल के लिए सांसद, विधायक एवं जिला परिषद सदस्य के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विद्यालयों की सुरक्षा के साथ यह कार्य बच्चों के हित में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
