विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चतरा के JLN स्टेडियम का होगा कायाकल्प, 4 करोड़ से बनेगा 8 लेन ट्रैक; खिलाड़ियों को मिलेंगी नई सुविधाएं  

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:38 PM (IST)

चतरा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का चार करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिससे यह आधुनिक खेल सुविधाओं ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. चतरा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का करीब 4 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार होगा।

  2. एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए आठ लेन का ट्रैक बनाया जाएगा।

  3. फुटबॉल मैदान को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, चतरा। स्थानीय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की सूरत एक बार फिर बदलने वाली है। जिला प्रशासन ने स्टेडियम के जीर्णोद्धार की योजना तैयार की है। इसके तहत स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस किया जाएगा। जीर्णोद्धार कार्य पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। योजना का क्रियान्वयन जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की राशि से कराया जाएगा।

स्टेडियम में एथलेटिक्स खिलाड़ियों के लिए आठ लेन का ट्रैक तैयार किया जाएगा। ट्रैक की चौड़ाई चार मीटर होगी। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। लंबे समय से स्टेडियम में बेहतर एथलेटिक्स ट्रैक की जरूरत महसूस की जा रही थी। नए ट्रैक के निर्माण के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

जीर्णोद्धार योजना के तहत फुटबॉल मैदान को भी आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा। मैदान के साथ खिलाड़ियों की आवश्यक सुविधाओं को विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम का निर्माण किया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं और अभ्यास के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

स्टेडियम में दर्शकों के बैठने के लिए चार से पांच सौ कुर्सियों की क्षमता वाली एक दर्शक दीर्घा भी बनाई जाएगी। इससे फुटबाल और एथलेटिक्स समेत अन्य खेल प्रतियोगिताओं के दौरान दर्शकों को बैठने की सुविधा मिलेगी। वहीं, स्टेडियम परिसर में रोशनी की बेहतर व्यवस्था के लिए 16 मीटर ऊंचाई वाले चार-पांच हाईमास्ट लाइट लगाए जाने की योजना है।

तीन साल पहले 1.73 करोड़ की लागत से हुआ था जीर्णोद्धार

करीब तीन साल पूर्व जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम का 1.73 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराया गया था। तत्कालीन उपायुक्त अबु इमरान के कार्यकाल में विशेष केंद्रीय सहायता मद की राशि से स्टेडियम की आधारभूत संरचना को विकसित किया गया था।

ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल ने भव्य पवेलियन का निर्माण, दो हाईमास्ट लाइट की स्थापना, दर्शकों के बैठने के लिए गैलरी तथा फुटबाल मैदान को खास से आच्छादित कराया गया था। इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई थीं।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को और भव्य बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। एथलेटिक्स के लिए बनेगा आठ लेन का ट्रैक बनाया जाएगा और फुटबाल के मैदान को और बेहतर किया जाएगा। खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

-रवि आनंद, डीसी, चतरा। 

यह भी पढ़ें- चतरा से चंदवा तक बदलेगी सड़क की तस्वीर, 106 किमी मार्ग होगा फोरलेन; NHAI ने जारी किया टेंडर