राज्य सरकार जन-जन के विकास को लेकर है गंभीर : सत्सानंद
संवाद सहयोगी चतरा राज्य के श्रम नियोजन प्रशिक्षण सह कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोगता ने सोमवा
संवाद सहयोगी, चतरा : राज्य के श्रम नियोजन प्रशिक्षण सह कौशल विकास मंत्री सत्यानंद भोगता ने सोमवार को सदर प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोना सोबरन साड़ी धोती योजना का शुभारंभ किया। इससे पूर्व बालिका दिवस पर कन्या पूजन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मंत्री ने कन्याओं की आरती उतारकर मिठाई बांटे। उसके बाद मंत्री ने योजना के तहत करीब 150 लाभुकों के बीच साड़ी-धोती का वितरण किया। इसके अलावा मंत्री ने विधवा वृद्धा पेंशन, आवास, छात्रवृत्ति, सुकन्या स्वीकृति पत्र का भी वितरण किया। मौके पर मंत्री ने राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए इसका लाभ लेने की अपील की। कहा कि राशन कार्ड से वंचित परिवारों को ग्रीन कार्ड से जोड़ा गया है और लाकडाउन के दौरान लोगों के आर्थिक संकट को देखते हुए बगैर सूद के बिजली बिल चार किस्तों में भुगतान कर सकते हैं। झारखंड सरकार जन जन के विकास को लेकर गंभीर है। सरकार प्रत्येक व्यक्ति को रोटी, कपड़ा और मकान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक, अंचलाधिकारी भागीरथ महतो आदि मौजूद थे।
::::::::::::
कान्हाचट्टी में भी लाभुकों के बीच साड़ी-धोती का हुआ वितरण
संवाद सूत्र, कान्हाचट्टी(चतरा): राज्य के श्रम नियोजन सह प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता सोमवार को कान्हाचट्टी पहुंचे। यहां पहुंचने के पश्चात सर्वप्रथम नौ कन्याओं को आरती उतार कर भोजन कराया गया। इसके बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित योजना सोना सोबरन के तहत धोती साड़ी वितरण का शुभारंभ किया। मौके पर मंत्री ने लाभुकों के बीच आवास, केसीसी ऋण आदि का भी वितरण किया। वही, कन्हाचट्टी मुख्य बाजार में भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए। समस्याओं को जल्द निपटाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी हुलास महतो, राजद प्रखंड अध्यक्ष रामेश्वर यादव, जिप सदस्य प्रतिनिधि अरुण सिंह, डीपीओ निरंजन सिंह आदि शामिल थे।