PM Modi Jharkhand Visit: 'ये भ्रष्टाचार और लूट के अलावा...', PM मोदी ने INDI गठबंधन पर जमकर बोला हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चतरा के सिमरिया में महा विजय संकल्प रैली में संबोधन दिया और उन्होंने कांग्रेस झामुमो और राजद यानी की इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं बल्कि देश को बचाने का चुनाव है। ये चुनाव देश और झारखंड को चोर-लुटेरों से बचाने का चुनाव है।

जागरण संवाददाता, चतरा। PM Modi Jharkhand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चतरा के सिमरिया में आयोजित महा विजय संकल्प रैली में कांग्रेस, झामुमो और राजद पर जमकर साधा निशाना। पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं, देश को बचाने का चुनाव है।
देश और झारखंड को चोर-लुटेरों से बचाने का चुनाव है। झामुमो और कांग्रेस के ठिकानों से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। यहां मंत्री, मंत्री का पीए और पीए का नौकर भी नोटों का पहाड़ उगाने का काम कर रहे हैं।
नौकर के यहां करोड़ों तो मालिक के खजाने में कितना होगा? कांग्रेस के सांसद के यहां तो नोट गिनने वाली मशीन ही हांफ गई, खराब हो गई। ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए या नहीं? कार्रवाई कौन कर सकता है। जिसपर कोई दाग नहीं, वह आपका बेटा मोदी ही कर सकता है।
आपके बच्चों को नशे के दलदल में डाला
उन्होंने कहा कि झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस और राजद की सरकार ने कोई उद्योग खड़ा नहीं किया। एक ही उद्योग खड़ा किया अफीम का उद्योग। ये आपके बच्चों को नशे के दलदल में डालना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, भगवान राम जब वनवास के लिए निकल रहे थे तो वे राजकुमार राम थे। 14 वर्ष आदिवासियों के साथ बिताने के बाद लौटे तो मर्यादा पुरुषोत्तम राम हो गए। प्रभु श्रीराम हो गए। लेकिन झामुमो और कांग्रेस को आदिवासियों का गौरव बर्दाश्त नहीं हो रहा है।
राष्ट्रपति मुर्मू पर ये कहा
उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि मुंबई में एक नेता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के रामलला के दर्शन पर कहा कि अयोध्या मंदिर का गंगाजल से शुद्धिकरण करना चाहिए। यह राष्ट्रपति का अपमान है। आदिवासी का अपमान है। महिला का अपमान है और देश का अपमान है। यह 18वीं शताब्दी की मानसिकता वाले लोगों की सोच है।
मुस्लिमों पर कह दी ये बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडी वाले कहते हैं कि उनकी सरकार बनी तो आपकी संपत्ति का सर्वे कराएंगे। अब इनकी नजर आपकी संपत्ति पर है। आपकी संपत्ति आपके संतान को नहीं देने देंगे। आपके पास दो घर हैं, तो एक घर समझिए गया। ये आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों का आरक्षण छीनकर मुस्लिमों को देना चाहते हैं।
लेकिन मोदी उनकी राह में रोड़ा की तरह खड़ा है। कांग्रेस का पंजा दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों का आरक्षण छीनकर अपने वोट बैंक को देना चाहता है। धर्म के आधार पर आरक्षण को सर्वोच्च न्यायालय ने भी गलत ठहराया है। इससे आपको सावधान रहना है।
झामुमो और कांग्रेस की सरकार तो झारखंड में लूटने के अलावा विकास का कोई काम नहीं कर रही है। मोदी करना चाहता है तो करने भी नहीं से रही। मोदी राशन देना चाहता है तो ये देने भी नहीं देते।
'इन्हें आपके बच्चे की परवाह नहीं'
हम चाहते हैं कि स्थानीय भाषा में भी आपके बच्चे पढ़कर डॉक्टर और इंजीनियर बने, लेकिन इन्हें आपके बच्चों की भी परवाह नहीं है। चुनाव से पहले झामुमो ने पांच लाख नौकरी का वादा किया था, दिया क्या?
इंडी को आपके रोजी-रोटी की चिंता नहीं है। ये सिर्फ लूट के लिए सत्ता के गलियारों में जीना चाहते हैं। भ्रष्टाचार में डुबा इंडी गठबंधन की सरकार विकास में रोड़ा अटका रही है। जेएमएम का एक ही एजेंडा है न तो काम करेंगे न ही करने देंगे।
ये भ्रष्टाचार और लूट के अलावा कुछ भी नहीं करेंगे। इनके पास इतने नोट मिले कि शर्म से चेहरा झुक जाए, लेकिन ये ऐसे बेशर्म हैं कि इन्हें कोई परवाह ही नहीं है। कई राज्यों में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। वहां भी एनडीए की सरकार बनेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।