सितंबर में भी नहीं हुई सामान्य बारिश, फिर अच्छी फसल की उम्मीद
जागरण संवाददाता चतरा अगस्त की तरह ही सितंबर में भी सामान्य से कम रहा यहां का वर्षापात।
जागरण संवाददाता, चतरा : अगस्त की तरह ही सितंबर में भी सामान्य से कम रहा यहां का वर्षापात। यह दीगर बात है कि पूरे बरसात बारिश समय पर और आवश्यकता के अनुकूल हुई है। जिससे धान की पैदावारी की उम्मीदें बहुत अधिक है। यही कारण है कि किसान काफी उत्साहित हैं। लंबे समय के बाद उनके चेहरे पर खुशी की छलक दिखाई दे रही है। समय पर मानसून का आगमन और आवश्यकता के अनुरूप बारिश होने से न सिर्फ खरीफ, बल्कि रबी की फसलों को लेकर भी किसान उत्साहित हैं। उनका कहना है कि मक्का एवं धान के साथ-साथ चना, मटर एवं तेलहन की भी अच्छी पैदावारी होगी। क्ष्य के अनुरूप धान का करीब-करीब आच्छादन हुआ है। धान आच्छादन का लक्ष्य 36500 हेक्टेयर है। जिसके विरूद्ध 35,930 हेक्टेयर में आच्छादन हुआ है। इससे स्पष्ट होता है कि खेती अच्छी होगी। किसान रबी की फसलों में जुट गए हैं। हालांकि अभी तक कृषि विभाग ने रबी का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है। लेकिन उसके बाद भी किसान अपनी ओर से तैयारियों में जुट गए हैं। सदर प्रखंड के टीकर गांव निवासी मोहन महतो कहते हैं कि इस बार खेती अच्छी होगी। वर्षो बाद धान का उत्पादन बढियां होगा। वे कहते हैं कि अब बहुत पानी की जरूरत नहीं है। यदि दशहरा के आसपास बारिश होती है, तो ठीक है। वैसे बहुत जरूरी नहीं है। हंटरगंज प्रखंड घंघरी गांव निवासी आशीष सिंह कहते हैं कि खेती से बहुत उम्मीदें हैं। यदि यह बरकरार रहा, तो वर्षों का रिकॉर्ड टूट जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्र के जिला समव्यक डा. रंजय कुमार सिंह कहते हैं कि किसान बहुत उत्साहित हैं। धान में बालियां आ रही है। बालियां भी बहुत बढियां है। लक्ष्य के अनुपात में धान का उत्पादन होगा। वे कहते हैं कि कोई जरूरी नहीं है कि हर महीने सामान्य बारिश हो। जरूरी यह है कि समय-समय पर बारिश होना और वह इस बार यहां पर देखने को मिला। समय पर मानसून आया और धान का आच्छादन भी समय पर हुआ। :::::::::::::::::::::::::: जून से सितंबर तक हुई बारिश का आंकड़ा महीना सामान्य वर्षापात वास्तविक वर्षापात जून 167.1 161.4
जुलाई 308.2 209.8 अगस्त 310.8 217.5 सितंबर 210.8 60.2