विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather Update: गर्मी दिखाएगी रौद्र रूप, चतरा में 45 डिग्री के पार पहुंचेगा तापमान; हेल्थ पर बुरा असर

Published: Mon, 20 Apr 2026 03:58 PM (IST)

चतरा में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित है, तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और 46 डिग्री तक ...और पढ़ें

झारखंड में हीटेवेव का असर। फोटो जागरण

झारखंड में हीटेवेव का असर। फोटो जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, चतरा। जिले में इन दिनों सूर्य ने अपना रौद्र रूप धारण कर लिया है। आसमान से बरसती आग और तेज धूप ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सुबह होते ही सूरज की तपिश ऐसी महसूस होने लगती है मानो दोपहर हो चुकी हो।

दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। पिछले तीन-चार दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो इस वर्ष का अब तक का सर्वाधिक है।

हालांकि मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे हालात और विकट होने की आशंका है। सुबह सात बजे से ही धूप का असर तेज हो जाता है और दोपहर तक लू के थपेड़े लोगों को झुलसा देते हैं।

जरूरी कामकाज के कारण लोग घर से निकल तो रहे हैं, लेकिन तपिश के कारण उनका हाल बेहाल है। शाम पांच बजे के बाद ही कुछ राहत महसूस होती है, जब सूरज की तीव्रता थोड़ी कम होती है। भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी साफ दिखने लगा है।

गर्मी जनित बीमारियों जैसे लू लगना, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सरकारी और निजी अस्पतालों में ऐसे मरीजों की भीड़ देखी जा रही है।

चिकित्सक लोगों को सावधानी बरतने और अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। बढ़ती गर्मी के साथ जल संकट भी गहराने लगा है। जलस्तर में लगातार गिरावट आ रही है, जिससे कई क्षेत्रों में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है।

नदी-नाले पहले ही सूख चुके हैं और कुएं-चापाकल भी जवाब देने लगे हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में जल संकट और गंभीर रूप ले सकता है।

भीषण गर्मी से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

लगातार बढ़ती गर्मी ने स्कूली बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने से सुबह से ही तेज धूप और लू के थपेड़े बच्चों को झुलसा रहे हैं। कई स्कूलों में पर्याप्त पेयजल और पंखों की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ गई है।

छोटे बच्चे थकान, चक्कर और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल के समय में बदलाव या अवकाश घोषित करने की मांग की है। चिकित्सकों ने भी बच्चों को धूप से बचाने और अधिक पानी पीने की सलाह दी है।

आने वाले 5दिनों का तापमान का पूर्वानुमान

तिथि अधिकतम (°C) न्यूनतम (°C)
21 अप्रैल 41 27
22 अप्रैल 42 27
23 अप्रैल 41 26
24 अप्रैल 43 27
25 अप्रैल 42 26

सबसे गर्म दिन: 24 अप्रैल — 43°C
सबसे गर्म रात: 21, 22 और 24 अप्रैल — 27°C