विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तालाब से निकलीं 8वीं सदी की प्राचीन मूर्तियां, ASI हैरान; झारखंड के मंदिर की कहानी जानकर आप भी रह जाएंगे दंग

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:26 PM (IST)

चतरा के मयूरहंड स्थित गुरुवाडीह के आदिशक्ति मंदिर में आठवीं सदी की प्राचीन मूर्तियां मिली हैं, जिनमें भगवान विष्णु, सूर्यदेव, मां तारा और बौद्ध पैनल शामिल हैं।

मंदिर में रखी प्राचीन मूर्ति।

मंदिर में रखी प्राचीन मूर्ति।

HighLights

  1. गुरुवाडीह आदिशक्ति मंदिर में मिलीं आठवीं सदी की मूर्तियां।

  2. भगवान विष्णु, सूर्यदेव, मां तारा और बौद्ध पैनल शामिल।

  3. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण टीम ने किया विस्तृत निरीक्षण।

संवाद सूत्र, मयूरहंड (चतरा)। प्रखंड के सोकी पंचायत स्थित गुरुवाडीह गांव का आदिशक्ति मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राचीन इतिहास और पुरातात्विक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर सामने आया है।

मंदिर परिसर में संरक्षित भगवान विष्णु, सूर्यदेव और मां तारा की प्राचीन प्रतिमाओं के साथ बौद्ध पैनल तथा मंदिर स्थापत्य के अवशेष मिले हैं।

प्रतिमाओं की कलात्मक शैली और स्थापत्य अवशेषों के आधार पर इनके लगभग आठवीं सदी के होने की संभावना जताई जा रही है। इन विरासतों के महत्व को समझते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), रांची अंचल की टीम ने सोमवार को मंदिर का विस्तृत निरीक्षण किया।

एएसआई के सहायक पुरातत्वविद् डॉ. नीरज मिश्रा और फोटोग्राफर कन्हैया झा ने अपने पांचवें चरण के सर्वेक्षण के दौरान मंदिर परिसर में रखी प्राचीन प्रतिमाओं का एक-एक कर निरीक्षण किया।

टीम ने प्रतिमाओं की बनावट, आकार, कलात्मक शैली, शिल्पकारी और मंदिर से जुड़े स्थापत्य अवशेषों का अध्ययन किया। सभी महत्वपूर्ण प्रतिमाओं और अवशेषों की फोटोग्राफी कर उनके पुरातात्विक महत्व से संबंधित जानकारियां संकलित की गईं।

मंदिर परिसर में भगवान विष्णु, सूर्यदेव और मां तारा की प्रतिमाएं विशेष आकर्षण हैं। प्रतिमाओं की शिल्पकला, अलंकरण और प्रस्तुति प्राचीन काल की मूर्तिकला परंपरा की झलक देती हैं।

यहां मिले बौद्ध पैनल, क्षेत्र में बौद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रभाव और विभिन्न धार्मिक परंपराओं के सहअस्तित्व की संभावना को भी दर्शाते हैं।

वहीं, बड़े-बड़े पत्थरों पर उकेरी गई आकर्षक नक्काशी और मंदिर स्थापत्य के अवशेष इस स्थल के प्राचीन मंदिर परिसर होने की ओर संकेत करते हैं। हालांकि, इनके काल निर्धारण और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का अंतिम निष्कर्ष विस्तृत अध्ययन के बाद ही सामने आएगा।

ग्रामीणों के अनुसार, कई शताब्दी पूर्व मंदिर के सामने स्थित तालाब से प्राचीन मूर्तियां प्राप्त हुई थीं। ग्रामीणों ने इन्हें एकत्रित कर मंदिर परिसर में सुरक्षित रखा। करीब 20 वर्ष पूर्व मंदिर को नया स्वरूप दिया गया, जिसके बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई।

ग्रामीणों ने प्रतिमाओं को व्यवस्थित ढंग से सजाकर संरक्षित किया है। एएसआई की टीम ने स्थानीय लोगों की इस पहल की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने टीम को बताया कि कुछ वर्ष पूर्व एक प्रतिमा चोरी हो गई थी, लेकिन करीब 15 दिन बाद चोर उसे वापस छोड़ गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों की मंदिर के प्रति श्रद्धा और बढ़ गई तथा प्राचीन प्रतिमाओं के संरक्षण को लेकर जागरूकता भी मजबूत हुई।

वहीं, डॉ. नीरज मिश्रा ने बताया कि मयूरहंड, इटखोरी व चौपारण क्षेत्र के विभिन्न पुरातात्विक स्थलों, प्राचीन मूर्तियों और अन्य अवशेषों का लगातार निरीक्षण कर दस्तावेजीकरण किया जा रहा है। संकलित जानकारियों और रिपोर्ट को मुख्यालय दिल्ली भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में राष्ट्रीय विरासत से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण अवशेष बिखरे पड़े हैं। स्थानीय लोगों ने इन्हें जिस तरह संभालकर रखा है, वह प्रशंसनीय है। दस्तावेजीकरण से इन स्थलों की ऐतिहासिक पहचान, पुरातात्विक महत्व और संरक्षण की संभावनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बताते चलें कि चौपारण के शशि शेखर पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के पुरातात्विक स्थलों के संरक्षण और पहचान को लेकर लगातार पत्राचार एवं पहल करते रहे हैं। इसी प्रयास के बाद एएसआई की टीम क्षेत्र में चरणबद्ध सर्वेक्षण और दस्तावेजीकरण का कार्य कर रही है।

सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना होती है पूरी

गुरुवाडीह स्थित आदिशक्ति मंदिर प्रखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शुमार है। मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता है कि मां आदिशक्ति के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है।

मंदिर की खासियत सिर्फ धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है। परिसर में संरक्षित प्राचीन प्रतिमाएं और स्थापत्य अवशेष इसे पुरातात्विक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बनाते हैं।

भगवान विष्णु, सूर्यदेव और मां तारा की प्राचीन प्रतिमाएं विशेष हैं। वहीं, बौद्ध पैनल के अवशेष क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं की महत्वपूर्ण कड़ी हो सकते हैं। साथ ही, यहां बड़े शिलाखंडों पर आकर्षक नक्काशी और प्राचीन मंदिर स्थापत्य के प्रमाण मौजूद हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।