Coronavirus Update: चतरा में मास्क, ग्लब्स नहीं मिलने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने काम करने से किया इंकार
Coronavirus Update. इटखोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संसाधनों का घोर अभाव है। इससे नाराज होकर गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल में काम करने से इंकार कर दिया।
इटखोरी (चतरा), जासं। कोरोना के खतरे से जंग लड़ रहे स्वास्थ्य कर्मियों की जिंदगी फिलहाल खुद खतरे में दिखलाई पड़ रही है। इटखोरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए संसाधनों का घोर अभाव है। इससे नाराज होकर गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल में काम करने से इंकार कर दिया। बाद में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा जिला परिषद सदस्य के समझाने के बाद स्वास्थ्य कर्मी काम पर लौटे।
दरअसल यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मास्क, ग्लब्स, सैनिटाइजर, जांच किट आदि का घोर अभाव है। इससे अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी पहले से ही नाराज थे। उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को संसाधनों के अभाव की सूचना भी दे दी थी। लेकिन इसके बाद भी अस्पताल में जब संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए तो गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने काम करने से इंकार कर दिया।
सभी स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल के गेट पर खड़े हो गए। इस बात की जानकारी जब प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार को हुई तो वे अंचल अधिकारी बैद्यनाथ कामती, जिला परिषद सदस्य दिलीप कुमार साव के साथ अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंच कर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से एक-एक कर बात की। वार्ता के पश्चात प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को आश्वस्त किया कि दो-तीन घंटे के अंदर सभी संसाधन उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवा देने पर राजी हुए।