चतरा में शादी से मुकरा प्रेमी तो घर के दरवाजे पर धरने पर बैठी प्रेमिका, पुलिस स्टेशन पहुंचा मामला
चतरा के चारु गांव में एक युवती अपने प्रेमी के घर के बाहर शादी से इनकार करने पर धरने पर ...और पढ़ें
-1791287127363_m.webp)
घर के दरवाजे पर धरने पर बैठी प्रेमिका (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
प्रेमी के घर के बाहर प्रेमिका का शादी के लिए धरना।
दो साल के प्रेम प्रसंग के बाद शादी से इनकार।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर सुलह का प्रयास किया।
दिलीप कुमार सिंह, कान्हाचट्टी (चतरा)। प्रखंड के चारु गांव में मंगलवार को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला चर्चा का विषय बना रहा। शादी से इनकार किए जाने से नाराज एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और दरवाजे पर धरने पर बैठ गई। युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। काफी समझाने के बाद भी जब वह नहीं मानी तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार चारु गांव निवासी लालदेव दांगी के पुत्र छोटू कुमार का ऊंटा गांव निवासी युवती के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच शादी की बात भी तय होने की बात युवती ने कही है।
शादी कहीं दूसरी जगह तय करने की तैयारी
आरोप है कि हाल के दिनों में युवक के स्वजन उसकी शादी कहीं दूसरी जगह तय करने की तैयारी कर रहे थे। इसकी भनक युवती को लगी तो वह सोमवार की शाम अपने प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती ने प्रेमी के घर के दरवाजे पर बैठकर शादी की मांग शुरू कर दी।
उसने कहा कि वह शादी करेगी तो छोटू कुमार से ही करेगी, अन्यथा वह वहीं बैठी रहेगी। युवती के इस रुख से युवक के परिजन परेशान हो गए। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई।
युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग पर अड़ी
मामले की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद इसकी सूचना राजपुर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया गया।

युवक और युवती दोनों बालिग हैं। युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग पर अड़ी हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति से मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, प्रेमी के घर के बाहर युवती के धरने पर बैठने का मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।
