झारखंड के चतरा में पुलिस और माओवादियों में मुठभेड़, एक उग्रवादी ढेर
Encounter in Chatara.झारखंड में चतरा के कुरखेता जंगल में हुई मुठभेड़ में एक उग्रवादी मारा गया।
चतरा, जेएनएन। झारखंड के चतरा में शुक्रवार सुबह कुरखेता जंगल में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक उग्रवादी को मार गिराया। इस उग्रवादी की पहचान सबजोनल कमांडर आलोक यादव के रूप में हुई है। हालांकि अभी तक पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पुलिस घटनास्थल पर ही पूछताछ कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक निगम प्रसाद ने बताया कि मुठभेड़ हुई है और भीषण रूप से हुई है। मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जब तक अभियान पूरा नहीं होता है, कुछ नहीं बताया जा सकता है। कुरखेता जंगल जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। यह कौलेश्वरी जोन में है। झारखंड और बिहार का सीमावर्ती होने के कारण भाकपा माओवादियों की गतिविधियां यहां प्रायः रहती है।
जानकारी के अनुसार, वशिष्ठ नगर थाना पुलिस और कोबरा की टीम उग्रवादियों के विरुद्ध छापेमारी अभियान पर निकली हुई थी। इसी बीच, कुरखेता जंगल में उग्रवादियों का जत्था होने की सूचना मिली। पुलिस की टीम उस ओर निकल पड़ी। जैसे ही पुलिस बल पर उग्रवादियों के संतरी की नजर पड़ी, उसने गोली चला दी। फिर दोनों ओर से मुठभेड़ शुरू हो गई।
माओवादी दस्ता में बीस से पच्चीस उग्रवादी शामिल हैं और उसका नेतृत्व जोनल कमांडर परमजीत कर रहा था।