विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चतरा के लरंगा सामेडीह में 16 हाथियों के झुंड का तांडव, 4 घर तोड़े और 10 क्विंटल अनाज किया बर्बाद

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:24 PM (IST)

टंडवा के लरंगा सामेडीह गांव में हाथियों के झुंड ने धान की फसल और घरों को भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

हाथियों ने मचाया उत्पात। (जागरण)

हाथियों ने मचाया उत्पात। (जागरण)

संवाद सूत्र, टंडवा (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र की राहम पंचायत अंतर्गत लरंगा सामेडीह गांव में हाथियों के झुंड ने बुधवार की रात जमकर उत्पात मचाया।

झुंड ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंदने के साथ घरों में रखे अनाज को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के उत्पात में चार घर भी क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। राहम युवा समाज सेवी उपेंद्र पांडेय ने दैनिक जागरण संवाददाता को बताया की हाथियों के झुंड में 15 से 16 हाथी शामिल हैं।

हाथियों के गांव के आसपास मौजूद रहने से लोग रातभर भयभीत रहे और उन्हें जान-माल के नुकसान की आशंका सताती रही। उन्होंने वन विभाग के वन कर्मियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना के बाद भी रात्रि में ग्रामीणों के सहानुभूति के लिए नहीं पहुंचे, ग्रामीणों ने स्वयं मोर्चा संभालकर फसलों एवं घरों की रक्षा के लिए जागते रहे।

ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों ने करीब 40 डिसमिल जमीन में लगी धान की फसल को बर्बाद कर दिया तथा लगभग 10 क्विंटल अनाज को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा चार घरों को भी क्षति पहुंचाई है।

हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। युवा समाजसेवी उपेंद्र पांडेय ने मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय थाना को दी।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

टंडवा का वन क्षेत्र करीब 21,349 हेक्टेयर में फैला हुआ है। क्षेत्र में पिछले डेढ़ दशक से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर हर वर्ष कार्तिक से फाल्गुन महीने के बीच हाथियों के झुंड के पहुंचने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

जंगलों में पर्याप्त वनस्पति, पठारी भूभाग और आसपास के खेतों में उपलब्ध फसलें हाथियों को इस क्षेत्र की ओर आकर्षित करती हैं।

वहीं, जंगलों के आसपास आबादी बढ़ने और घरों के निर्माण से मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। घरों में रखे अनाज और महुआ की गंध भी हाथियों को आबादी वाले इलाकों की ओर खींचती है।

वनकर्मी हाथियों को खदेड़ने में जुटे : रेंजर

वन विभाग के प्रभारी रेंजर राम बाबू ने बताया कि बुधवार की रात हाथियों के झुंड के पहुंचने की सूचना ग्रामीणों से मिली है। झुंड में 15 से 16 हाथी हैं।

वनकर्मी हाथियों को क्षेत्र की सीमा से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाथियों के उत्पात से धान की फसल, अनाज और चार घरों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है।

यह भी पढ़ें- हाथियों की आवाजाही से एलेप्पी और भुवनेश्वर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित, चक्रधरपुर मंडल में रफ्तार पर ब्रेक