विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चतरा के एकलव्य स्कूल में 7वीं के छात्र की संदिग्ध मौत; रात में खाना खाकर सोया था, सुबह मुंह से निकलने लगा झाग

By Zulqar NainEdited By: Rajat Mourya
Published: Tue, 24 Nov 2026 10:25 AM (IST)

चतरा के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में 14 वर्षीय छात्र रविकांत हेंब्रम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

चतरा के एकलव्य स्कूल में 7वीं के छात्र की संदिग्ध मौत (जागरण फोटो)

चतरा के एकलव्य स्कूल में 7वीं के छात्र की संदिग्ध मौत (जागरण फोटो)

HighLights

  1. एकलव्य आवासीय विद्यालय में 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत।

  2. छात्र के मुंह से झाग और नाक से खून निकला था।

  3. परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की, पुलिस जांच में जुटी।

संवाद सूत्र, कन्हाचट्टी (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के पेलतौल गांव स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में एक 14 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड अंतर्गत चोरनीतरी गांव निवासी रविकांत हेंब्रम के रूप में हुई है।

वह विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता का नाम राजेश हेंब्रम है। जानकारी के अनुसार, रविकांत रोज की तरह रात में अपना होमवर्क पूरा करने के बाद भोजन कर सो गया था। सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।

बताया जाता है कि उसके मुंह से झाग निकलने लगा और नाक से खून बहने लगा। छात्र की बिगड़ती हालत को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे सदर अस्पताल भेजा।

हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही चोरनीतरी गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उन्होंने छात्र की मौत के कारणों का पता लगाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।

वहीं, घटना को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। छात्र की संदिग्ध मौत से विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।