झारखंड में सड़क हादसों में पारा शिक्षक सहित चार लोगों की मौत, आठ घायल
road accident.झारखंड में सड़क हादसों में पारा शिक्षक सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस मामलों की जांच-पड़ताल कर रही है।
चतरा/गढवा/गोड्डा, जेएनएन। झारखंड के चतरा, गढ़वा और गोड्डा में सड़क हादसों में पारा शिक्षक सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस मामलों की जांच-पड़ताल कर रही है।
चतरा में कार दुर्घटनाग्रस्त होने से पारा शिक्षक की मौत, तीन घायल
चतरा में मेदिनीनगर के हनुमान नगर से प्रतापपुर आ रही बाराती कार बुधवार की रात करीब 10.30 बजे स्थानीय थाना क्षेत्र के सिदकी मोड़ के पास पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में एक बराती की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक संदीप मेहता (31) डालटनगंज के जेलहाता गांव का रहने वाला था तथा वह पारा शिक्षक था, जबकि घायलों में डीआरडीए के परियोजना पदाधिकारी दीपक कुमार पासवान के अलावे शशि कुमार तथा विनय सिंह का नाम शामिल।
ग्रामीणों के सहयोग से देर रात उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। जहां रास्ते में संदीप मेहता की मौत हो गई ।
गढ़वाः सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो घायल
गढ़वा में रंका थाना क्षेत्र के अंबिकापुर रंका मुख्य मार्ग पर गुरुवार को करीब नौ बजे भदुआ घाटी के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से छत्तीसगढ़ के भंवरमाल निवासी सनी सिंह की मौत हो गई तथा गणेश सिंह व रविंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, तीनों बाइक से छत्तीसगढ़ के भंवरमाल से रंका के भलुआनी गांव आ रहे थे। इसी दौरान भदुआ घाटी के पास कन्या पत्थर के निकट किसी अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। लोगों ने दोनों घायलों का इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में कर अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा भेज दिया है।
गोड्डाः दो बाइकों में भिड़ंत, दो लोगों की मौत; तीन घायल
गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र में मोहनपुर-सिमरा रोड में गुरुवार करीब एक बजे दो बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों बाइक के चालक की मौत हो गई। बाइक पर सवार एक युवती समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति गंभीर है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर दिया गया है। होडा साइन पर सवार होकर दो या तीन लोग महागामा की ओर आ रहे थे। बाइक 25 वर्षीया लखी राम मुर्मू चला रहा था। मोहनपुर-सिमरा के बीच मोहनपुर की ओर से जा रही एक हीरो होंडा एसएस बाइक से भिड़ंत हो गई। यह बाइक बंगाल नंबर है। इसमें दोनों बाइक चला रहे युवक की मृत्यु हो गई।
मरने वालों में एक की पहचान गंगी टोला टुमरिया निवासी लखी राम मुर्मू के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान नहीं हो पायी है। वहां तीन लोग घायल अवस्था में मिले जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। इनमें एक की पहचान रामलाल सोरेन के रूप में हुई है। एक युवती भी घायल है उसकी पहचान तेलगामा की नीलू बेसरा के रूप में हुई है। तीसरे घायल की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। एक मृतक के पहचान की कोशिश की जा रही है।