विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करने गए थे चोरी, खुद ही पकड़ाए... चतरा में चोरों का प्लान फेल, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

By ZULQAR NAINEdited By: Mansi Kumari
Published: Fri, 11 Sep 2026 11:18 AM (IST)

चतरा के मयूरहंड में ग्रामीणों ने चोरी करने घुसे एक चोर को रंगे हाथ पकड़ा, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. मयूरहंड के मंझगावा गांव में ग्रामीणों ने चोर को पकड़ा।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने इटखोरी-हजारीबाग मुख्य मार्ग जाम किया।

जागरण संवाददाता, मयूरहंड (चतरा)। चतरा थाना क्षेत्र के मंझगावा गांव में गुरुवार की देर रात चोरी करने के उद्देश्य से रविंद्र सिंह के घर में घुसे एक चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। हालांकि उसके दूसरे अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए चोर से पूछताछ के दौरान ग्रामीणों को चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए जाने की बात सामने आई है।

बता दें कि, रविंद्र सिंह के घर में इससे पहले भी दो बार चोरी की घटना हो चुकी है। इसके अलावा गांव के कई अन्य घरों में भी पिछले वर्षों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में पहले से ही आक्रोश था।

इसी बीच गुरुवार की रात चोर के पकड़े जाने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुए। ग्रामीणों की मांग है कि चोरी की घटना में शामिल सभी आरोपितों को पुलिस गिरफ्तार करे, इसके बाद ही पकड़े गए चोर को पुलिस के हवाले किया जाएगा।

ग्रामीणों ने इटखोरी-हजारीबाग मुख्य मार्ग को मंझगावा चौक के समीप जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देते और भविष्य में चोरी की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने का भरोसा नहीं दिलाते, तब तक सड़क जाम नहीं हटाया जाएगा। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। 

यह भी पढ़ें- चतरा के बाराडीह में जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, नदी पर पुल न होने से बढ़ा हादसा का डर

यह भी पढ़ें- JSSC-CGL पेपर लीक मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, कोडरमा से दो युवक गिरफ्तार; रांची ले गई टीम