JSSC-CGL पेपर लीक मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, कोडरमा से दो युवक गिरफ्तार; रांची ले गई टीम
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में सीआईडी की जांच कोडरमा तक पहुंच गई है, जहां दो युवकों संदीप कुमार और राजेश ...और पढ़ें

CID ने कोडरमा से दो युवकों को किया गिरफ्तार। जागरण
HighLights
जेएसएससी-सीजीएल धांधली मामले में सीआईडी जांच कोडरमा पहुंची।
संदीप कुमार और राजेश यादव कोडरमा से गिरफ्तार किए गए।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर सीआईडी की जांच का दायरा अब कोडरमा तक पहुंच गया है।
गुरुवार की देर रात कोडरमा पहुंची सीआईडी की दो अलग-अलग टीमों ने छापामारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर निवासी संदीप कुमार तथा डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवढाब निवासी राजेश प्रसाद यादव के रूप में हुई है। दोनों को पूछताछ के लिए सीआईडी अपने साथ रांची ले गई है।
मिली जानकारी के अनुसार,जेएसएससी- सीजीएल परीक्षा धांधली मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान कोडरमा के इन दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद सीआईडी ने दोनों के ठिकानों पर कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि संदीप कुमार और राजेश यादव आपस में दोस्त हैं और परीक्षा में सेटिंग कराने के नाम पर मध्यस्थ की भूमिका निभाते थे। राजेश प्रसाद यादव के यूट्यूब चैनल चलाने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं संदीप कुमार द्वारा ट्रस्ट संचालित किए जाने की बात बताई जा रही है।
जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों का कथित परीक्षा सिंडिकेट से जुड़े लोगों के साथ संपर्क था। हालांकि, उनकी भूमिका और धांधली में उनकी संलिप्तता को लेकर सीआईडी की पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सीआईडी की कार्रवाई के बाद नियुक्ति परीक्षा धांधली मामले में कोडरमा से जुड़े नेटवर्क को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। जांच एजेंसी दोनों से पूछताछ कर परीक्षा में कथित सेटिंग, बिचौलियों के नेटवर्क और अन्य आरोपितों से उनके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
