सरकारी स्कूलों में छात्राओं के लिए मासिक स्वच्छता पहल, चतरा में उपलब्ध कराई जाएंगी सैनिटरी पैड और इंसीनरेटर मशीनें
चतरा जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 8 की छात्राओं के लिए मासिक स्वच्छता सुविधाएं बेहतर की जा ...और पढ़ें

तीन दिनों में सभी प्रखंडों से मांगी गई विद्यालयवार रिपोर्ट।
HighLights
सरकारी स्कूलों में छात्राओं के लिए मासिक स्वच्छता सुविधाएं बेहतर होंगी।
कक्षा 6 से 8 की छात्राओं को सैनिटरी पैड मिलेंगे।
प्रत्येक विद्यालय में सैनिटरी पैड इंसीनरेटर मशीनें लगेंगी।
जागरण संवाददाता, चतरा। जिले के सरकारी मध्य एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं की मासिक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में शिक्षा अधिकारियों ने पहल तेज कर दी है। इसके तहत कक्षा 6 से 8 तक की नामांकित छात्राओं के लिए आक्सो बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी पैड की आपूर्ति तथा प्रत्येक विद्यालय में एक-एक सैनिटरी पैड इंसीनरेटर मशीन की आपूर्ति एवं अधिष्ठापन किया जाएगा।
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी सह झारखंड शिक्षा पदाधिकारी के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सह समन्वयक एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है।
संबंधित विद्यालयों की छात्राओं की वास्तविक संख्या के आधार पर अधियाचना तैयार की जानी है, ताकि आवश्यकतानुसार सैनिटरी पैड एवं मशीनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। निर्देश के अनुसार सभी प्रखंडों को तीन दिनों के भीतर निर्धारित प्रपत्र में विद्यालयवार प्रतिवेदन उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
रिपोर्ट हार्ड कापी एवं साफ्ट कापी, दोनों माध्यमों से जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा करनी होगी। निर्धारित प्रपत्र में प्रखंड का नाम, यू-डायस कोड, पंचायत, विद्यालय का नाम तथा कक्षा 6, 7 एवं 8 में नामांकित छात्राओं की अलग-अलग संख्या और कुल नामांकन का विवरण देना होगा। इसी आधार पर विद्यालयवार आवश्यकता का आकलन किया जाएगा।
इस पहल से छात्राओं को विद्यालय में मासिक स्वच्छता संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही उपयोग किए गए सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण के लिए इंसीनरेटर मशीन की व्यवस्था से विद्यालयों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सह समन्वयक एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है। संबंधित विद्यालयों की छात्राओं की वास्तविक संख्या के आधार पर अधियाचना तैयार की जानी है, ताकि आवश्यकतानुसार सैनिटरी पैड एवं मशीनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। उसके बाद अग्रतर कार्रवाई होगी।
-कंचन कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, झशिप, चतरा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।