चतरा: नारकोटिक्स अफसर बनकर 31.90 लाख की लूट, बस से उतारकर जंगल ले गए; पांच आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने नारकोटिक्स अधिकारी बनकर 31.90 लाख रुपये लूटने वाले पांच आरोपियों को चतरा में गिरफ्तार किया है। घटना में ...और पढ़ें

नारकोटिक्स अधिकारी बनकर 31.90 लाख रुपये की लूट का खुलासा। जागरण
HighLights
नारकोटिक्स अधिकारी बनकर 31.90 लाख रुपये की लूट का खुलासा।
लूट में प्रयुक्त थार वाहन और 70 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
संवाद सहयोगी, चतरा। नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी बनकर 31 लाख 90 हजार रुपये लूटने के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। वशिष्टनगर थाना क्षेत्र में सात सितंबर को चतरा-गया मार्ग पर तड़बनवा के पास हुई वारदात में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त काले रंग की थार और 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बताया कि पत्थलगडा थाना क्षेत्र के बरवाडीह निवासी ललन कुमार करीब 32 लाख रुपये लेकर गया में जमीन खरीदने जा रहा था।
तड़बनवा के पास आरोपितों ने स्टारफिश यात्री बस को रुकवाया और खुद को नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी बताकर ललन को बैग समेत बस से उतार लिया। इसके बाद उसे थार वाहन में बैठाकर जंगल ले गए और रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिमेष नैथानी ने एसआईटी गठित की। तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय सूचना के आधार पर कटैया जंगल से रंगु कुमार व अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कंगुरूवा जंगल से प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा को पकड़ा गया।
पुलिस ने रंगु के पास से 30 हजार, अभिषेक से 20 हजार और प्रिंस से 20 हजार रुपये बरामद किए। गिरफ्तार आरोपित गया जिले के धनगाई, बाराचट्टी क्षेत्र तथा हजारीबाग के चौपारण क्षेत्र के रहने वाले हैं। छापामारी में वशिष्टनगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन और इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
