चतरा NTPC हादसे में मृत तीन मजदूरों के परिवारों को 50-50 लाख मुआवजा, एक सदस्य को मिलेगी नौकरी
एनटीपीसी उत्तरी कर्णपुरा परियोजना में हुए हादसे के बाद 10 घंटे के गतिरोध के बाद तीनों शवों को उठाया गया। मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा, बीमा राशि और एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी।

एनटीपीसी हादसे के बाद 10 घंटे गतिरोध समाप्त। (फोटो- Goggle)
HighLights
एनटीपीसी हादसे के बाद 10 घंटे गतिरोध समाप्त हुआ।
मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।
प्रत्येक मृतक परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।
संवाद सूत्र, टंडवा (चतरा)। एनटीपीसी के उत्तरी कर्णपुरा मेगा विद्युत ताप परियोजना परिसर में बुधवार को हुई घटना के बाद करीब दस घंटे तक चले गतिरोध के पश्चात तीनों शवों को उठाया गया। जनप्रतिनिधियों, एनटीपीसी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के बीच हुई वार्ता में मुआवजे समेत अन्य मांगों पर सहमति बनने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिए गए।
वार्ता में बनी सहमति के अनुसार, मृतकों के प्रत्येक परिवार को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त मृतकों की बीमा राशि का भुगतान अलग से किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर भी सहमति बनी है। इन घोषणाओं के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गतिरोध समाप्त हुआ तथा शवों को उठाने का रास्ता साफ हुआ। घायलों के इलाज की जिम्मेदारी एनटीपीसी उठाएगी।
प्रबंधन की ओर से घायलों का समुचित उपचार कराने का आश्वासन दिया गया है। वार्ता में विधायक कुमार उज्ज्वल दास, पूर्व विधायक किशुन कुमार दास, झामुमो जिला अध्यक्ष नीलेश ज्ञाशेन के अलावा अन्य प्रतिनिधि, एनटीपीसी के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी मौजूद थे। सभी पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद मुआवजे, नौकरी और उपचार को लेकर सहमति बनी।
इसके बाद करीब दस घंटे से जारी इंतजार समाप्त हुआ और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। मालूम हो कि एनटीपीसी के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का भारी हिस्सा गिरने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई थी। मृतकों में टंडवा प्रखंड के गाड़ीलौंग निवासी त्रिलोकी सोनी का पुत्र राजू सोनी, बड़कागांव के धामोडीह गांव निवासी रामेश्वर पासवान के पुत्र बालेश्वर पासवान एवं पटना के बुरहानपुर निवासी मुंद्रिका सिंह के पुत्र बबलू सिंह का नाम शामिल है।
वहीं घायलों में टंडवा के गोंदा निवासी तिलक गंझू तथा औरंगाबाद के रंजीत यादव का नाम शामिल है। विधायक कुमार उज्ज्वल दास ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि वार्ता के अनुकूल सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- चतरा NTPC के निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट साइट पर बड़ा हादसा, तीन मजदूरों की मौत; CM ने घायलों के इलाज का दिया निर्देश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।