डीएसओ ने नियमानुसार राशन वितरण का दिया निर्देश
संवाद सहयोगी इटखोरी (चतरा) प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी विपिन क
संवाद सहयोगी, इटखोरी (चतरा) : प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी विपिन कुमार दुबे ने जन वितरण प्रणाली के डीलरों के साथ बैठक की। बैठक में इटखोरी एवं मयूरहंड प्रखंड के सभी डीलर शामिल हुए। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलरों को नियमानुसार लाभुकों के बीच राशन वितरण करने का निर्देश दिया। डीलरों को बताया कि वितरण पंजी के साथ मशीन में भी राशन वितरण दर्शा दिया करें। ऐसा नहीं करनेवाले डीलरों पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कई डीलर अनाज का वितरण करने के पश्चात सिर्फ वितरण पंजी में ही अनाज का वितरण दर्शा रहे हैं। मशीन को ऐसे डीलरों ने दुकान के कोने में रख दिया है। जो कतई उचित नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि दुकान में अगर नेटवर्क सही नहीं पकड़ता है तो मशीन को घर ले जाकर अपडेट रखा करें। नहीं तो जांच होने के बाद कार्रवाई निश्चित है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलरों को यह भी निर्देश दिया कि वितरण पंजी में अपने क्षेत्र के किसी पंचायत प्रतिनिधि का हस्ताक्षर जरूर करवा लिया करें, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। बैठक के दौरान दोनों प्रखंडों के डीलरों ने भी अपनी समस्याओं से जिला आपूर्ति पदाधिकारी को अवगत कराया। डीलरों की समस्या सुनने के पश्चात उन्होंने समस्या का निदान करने का भी आश्वासन दिया।