अनुपस्थित रहे किसान, कृषि चौपाल पर उठा सवाल
संवाद सूत्र, चतरा : स्थानीय सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को प्रखंड कृषि एवं सहकारिता विभाग द
संवाद सूत्र, चतरा : स्थानीय सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को प्रखंड कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा कृषि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्रमुख कृष्ण कुमार दुबे उर्फ गुड्डू दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। चौपाल में एक्का-दुक्का ही किसान नजर आए। उपस्थित लोगों में आधे से अधिक कृषि विभाग के कर्मी थे। ऐसे में चौपाल में लगी कुर्सियां खाली पड़ी हुई थी। जबकि कुछ कुर्सियों में मत्स्य व कृषि विभाग के कर्मी व अधिकारी बैठे हुए थे। किसानों की उपस्थिति नही होने के कारण पूरा कार्यक्रम फ्लॉप साबित हो गया। कार्यक्रम फ्लॉप साबित होने का मुख्य कारण कृषक मित्रों के हड़ताल पर जाना बताया जा रहा है। क्योकि किसान और सरकार के बीच अहम कड़ी कृषक मित्र ही होते है। ऐसे में एक भी किसान ने चौपाल में अपना फसल बीमा नही कराया। किसानों का कहना है कि कृषक मित्र के हड़ताल के वजह से किसान का कल्याण नहीं हो पा रहा है। मिलने वाले सरकारी लाभ से किसान वंचित हो जा रहे हैं। इधर कृषक मित्रो का कहना है कि जबतक सरकार मांगे पूरी नही करेगी तबतक हड़ताल जारी रहेगा। मौके पर भूमि सुधार पदाधिकारी शिवपूजन राम, मत्स्य विभाग के कर्मी व कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।