चतरा में तालाब में कपड़े धोते समय हादसा, मां और दो बेटियों की डूबने से मौत
चतरा के भोज्या गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां तालाब में डूबने से एक मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)
HighLights
चतरा के भोज्या गांव में दुखद घटना।
तालाब में मां और दो बेटियों की मौत।
सुरक्षा बढ़ाने की ग्रामीणों की मांग।
संवाद सहयोगी, चतरा। सदर प्रखंड के भोज्या गांव स्थित बड़का आहार में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां तालाब में डूबने से मां और उसकी दो बेटियों की मौत हो गई।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार खीरू यादव की पत्नी परवा देवी अपनी दो बेटियों आठ वर्षीय गीता कुमारी और छह वर्षीय मालती कुमारी के साथ कपड़ा धोने के लिए तालाब पर गई थीं।
इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में मां और दूसरी बेटी भी तालाब में उतर गईं, लेकिन गहराई और फिसलन के कारण तीनों पानी में डूब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों मां-बेटियों के शव तालाब से बाहर निकाले।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के किनारे सुरक्षा व्यवस्था और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
यह भी पढ़ें- डोली से पहले उठी अर्थी: दहेज में बुलेट की मांग, चतरा में युवती ने मंगेतर को वीडियो कॉल कर लगाई फांसी
