Chatara Crime News: अफीम की खेती को लेकर अभियान शुरू, एक दर्जन पर प्राथमिकी दर्ज
अभियान एक साथ तीन थाना क्षेत्रों में चला जा रहा है। जिसमें सिमरिया लावालौंग और राजपुर थाना शामिल है। इन क्षेत्रों में जेसीबी और ट्रैक्टर से पांच एकड़ खेती विनष्ट किया गया और एक दर्जन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
चतरा जासं। मौत की खेती करने वालों के खिलाफ चतरा जिला पुलिस ने वृहत अभियान का शुरू किया है।अभियान एक साथ तीन थाना क्षेत्रों में चला जा रहा है। जिसमें सिमरिया, लावालौंग और राजपुर थाना शामिल है। इन क्षेत्रों में जेसीबी और ट्रैक्टर से पांच एकड़ खेती विनष्ट किया गया और एक दर्जन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। विनष्टीकरण के अभियान में ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस विनष्टीकरण के साथ गांवों में जनजागरण अभियान भी चला रही है। गांव वालों की बैठक कर अफीम की खेती से होने वाले नुकसान से अवगत करा रही है।
एसडीपीओ सदर अविनाश कुमार ने बताया कि उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर वन भूमि क्षेत्र एवं अन्य जगहों पर तस्करों द्वारा की जा रही खेती को अभियान चलाकर विनष्ट किया गया है। अभियान का नेतृत्व तीनों थाना क्षेत्रों में डीएसपी स्तर के पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। राजपुर थाना क्षेत्र में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारघ अविनाश कुमार के नेतृत्व में बीडीओ, थाना प्रभारी, वन विभाग के कर्मचारी एवं सीआरपीएफ के जवानों द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर बेंगोकला, बेंगोखुर्द, कोलहैया आदि जंगली क्षेत्रों में ट्रैक्टर चला कर खेती को विनष्ट किया गया।
लावालौंग थाना क्षेत्र में प्रशिक्षु डीएसपी धनंजय राम के नेतृत्व में थाना प्रभारी, प्रखंड प्रशासन एवं वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से अमानत नदी के किनारे मूर्तियांटांड एवं हीरोम गांव में वन भूमि में लगाई गई अफीम की खेती को नष्ट किया गया। यहां पर ड्रोन की सहायता लिया गया।
सिमरिया थाना क्षेत्र में केंदू, कसारी, चोरबुरा, कसियातु के जांगली क्षेत्र में रेकी किया गया, जहां अफीम के लगने की संभावना थी। करीब पांच एकड़ खेती के लिए तैयार किया हुआ वन भूमि को विनष्ट किया गयाl
लोगों में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से लोगों को अफीम की खेती के दुष्परिणाम से अवगत कराया गया। राजपुर एवं लावालोंग थाना क्षेत्र में एक दर्जन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर किया गया है।