चतरा: मां भद्रकाली मंदिर के पुजारी की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव; CCTV में कैद हुआ विवाद
मां भद्रकाली मंदिर परिसर, इटखोरी में स्वामी श्रीनिवासाचार्य की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी है। घटना से ...और पढ़ें
HighLights
स्वामी श्रीनिवासाचार्य की मां भद्रकाली मंदिर परिसर में संदिग्ध मौत।
घटना से पहले मंदिर के पुजारी से विवाद, सीसीटीवी में दर्ज।
परिजनों ने पुलिस में आवेदन दिया, मामले की जांच जारी।
संवाद सहयोगी, इटखोरी (चतरा)। मां भद्रकाली मंदिर परिसर में स्वामी श्रीनिवासाचार्य उर्फ अमन द्विवेदी की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उनका मंदिर के पुजारी विवेक पांडेय से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में विवाद की घटना कैद हुई है।
विवाद के बाद स्वामी श्रीनिवासाचार्य ने अपने नजदीकियों से फोन पर बात कर घटना की जानकारी दी थी। मालूम हो कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे उनका शव भद्रकाली मंदिर परिसर स्थित कीर्तन मंडली के एक कमरे में फंदे से लटका मिला।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेजा
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटखोरी ले गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है। स्वामी श्रीनिवासाचार्य करीब पांच वर्षों से मंदिर परिसर में रह रहे थे। वह उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले थे।
घटना की जानकारी मिलने पर उनके परिजन इटखोरी पहुंचे। उनके चाचा ने इटखोरी थाना में आवेदन दिया है। पुलिस आवेदन में लगाए गए बिंदुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर परिसर में इस तरह की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी चिंता है।
जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि स्वामी श्रीनिवासाचार्य सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार से जुड़े थे। उनका स्वभाव सरल था। उनकी मौत से लोग दुखी हैं।
यह भी पढ़ें- चतरा में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, त्योहारों से पहले भारी मात्रा में खेप जब्त
