सामूहिक दुष्कर्म के बाद किशोरी को जिंदा जलाने के मामले में 15 गिरफ्तार
झारखंड के चतरा में दबंगों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसे जिंदा जला दिया।
जागरण संवाददाता, चतरा। झारखंड में चतरा जिले के राजा केंदुआ गांव में दुष्कर्म के बाद नाबालिग छात्रा को जिंदा जला देने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित घन्नू भुइयां, कोनी पंचायत की मुखिया तिलेश्वरी देवी और पंचायत समिति सदस्य रंजय भारती समेत 15 नामजदों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में कुल 18 लोगों को नामजद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में वे लोग भी शामिल हैं, जो दुष्कर्म के दूसरे दिन गांव में हुई पंचायत में उपस्थित थे। इस पंचायत में पीड़िता को न्याय दिलाने की बजाय लोगों ने 50 हजार रुपये में मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की थी। साथ ही, भरी पंचायत में पीड़िता के परिजनों के साथ मारपीट भी की थी। फिलहाल, पोक्सो एक्ट के तहत सामूहिक दुष्कर्म व हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इधर, इस पूरे मामले की जांच एसआईटी ने शुरू कर दी है। घटना के मुख्य आरोपित घन्नू भुइयां को हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के बहेरा गांव से पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पंचायत ने 50 हजार रुपये लगाई थी अस्मत की कीमत
झारखंड में चतरा जिले केराजा केंदुआ गांव में दबंगों ने गुरुवार की देर रात किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर अगले दिन शुक्रवार को उसे जिंदा जला दिया। बताया गया है कि दबंगों ने पहले एक शादी समारोह से किशोरी को सरेआम उठाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और जब लड़की के परिजन न्याय की गुहार लगाने पंचायत पहुंचे तो उन्हें मारपीट कर पंचायत से भगा दिया गया। पंचायत में किशोरी की अस्मत की कीमत भी लगाई गई थी। पंचायत ने पीड़िता के परिजनों को 50 हजार रुपये लेकर मामले को रफा-दफा करने की बात कही थी।
बात जब नहीं बनी तो लड़की के माता-पिता को पंचायत से भगाने के बाद मुख्य आरोपित युवक घन्नू भुइयां अपने रिश्तेदारों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और वहां पीड़िता को अकेले पाकर केरोसिन छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया। इस मामले में लड़की के पिता ने राजा केंदुआ गांव के घन्नू भुइयां, भगन भुइयां, शंकर भुइयां, मोदल भुइयां व कुछ अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है।
त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश
चतरा में हुई हृदयविदारक घटना से काफी आहत हूं। सभ्य समाज में इस तरह की बर्बरता का कोई स्थान नहीं है। प्रशासन को दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
- रघुवर दास, मुख्यमंत्री, झारखंड