खून से लथपथ बेहोश युवती मिली, सामूहिक दुष्कर्म की आशंका Bokaro News
जीएमटी कॉलोनी में लोगों के घर काम करने वाली एक युवती को खून से लथपथ बेहोश अवस्था में पुलिस ने बरामद किया है। उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं।
बोकारो थर्मल (बोकारो), जासं। बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र की जीएमटी कॉलोनी में लोगों के घर काम करने वाली एक युवती को खून से लथपथ बेहोश अवस्था में पुलिस ने बरामद किया है। वह जिस मकान में काम करती थी, उसके बगल के ही घर की सीढिय़ों के पास मंगलवार को वह बेहोश मिली। उसकी हालत देख आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है।
युवती को पुलिस ने डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल मेें इलाज के लिए भर्ती कराया है। उसके शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। परिजनों ने बताया कि वह जीएमटी कॉलोनी में एक डीवीसी कर्मी के यहां सफाई का काम करती है। हर दिन शाम सात बजे तक घर आ जाती थी। मंगलवार को रात नौ बजे तक नहीं आई तो खोज शुरू की। पुलिस को भी जानकारी दी।
बोकारो थाना प्रभारी उमेश ठाकुर ने इलाके में जब खोजबीन की तो वह जहां काम करती थी, उसके बगल में बने तीन मंजिला आवास की सीढ़ी के पास बेहोश मिली। पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ हो रही है। इधर, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि युवती की हालत देखकर प्रतीत हो रहा है कि उसके साथ गलत हुआ है।
युवती के साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं, यह मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। हालांकि, उसके शरीर पर कई चोट के निशान हैं। इससे यह कहा जा सकता है कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। आरोपितों को बहुत जल्द पुलिस पकड़ लेगी। - उमेश ठाकुर, थाना प्रभारी, बोकारो थर्मल।