विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 19, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रिश्वत लेते दो बीडीओ सहित छह को एसीबी ने किया गिरफ्तार

By Sachin MishraEdited By:
Published: Tue, 19 Sep 2017 11:44 AM (IST)Updated: Wed, 20 Sep 2017 10:03 AM (IST)

एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिश्वत लेते दो ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर सहित छह को गिरफ्तार किया है।

रिश्वत लेते दो बीडीओ सहित छह को एसीबी ने किया गिरफ्तार
रिश्वत लेते दो बीडीओ सहित छह को एसीबी ने किया गिरफ्तार

जागरण न्यूज नेटवर्क, रांची। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की धनबाद, दुमका व हजारीबाग की टीम ने अलग-अलग जगह से रिश्वत लेते दो प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सहित छह को गिरफ्तार किया है। एक दिन में सर्वाधिक पांच गिरफ्तारी पहली बार हुई है। एसीबी झारखंड ने इस साल अब तक 107 गिरफ्तारियों का आंकड़ा पार कर लिया है।

35 हजार रुपये रिश्वत लेते धराए

नावाडीह के बीडीओ बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के बीडीओ अरुण उरांव को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है। उन्होंने अपने ही कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत संतोष कुमार से सातवें वेतन आयोग के तहत एरियर निकासी के एवज में 35 हजार रुपये की मांग की थी। संतोष ने इसकी लिखित शिकायत एसीबी धनबाद को दी थी। एसीबी धनबाद की टीम ने सूचना सत्यापन के दौरान मंगलवार को उन्हें पकड़ा।

50 हजार रुपये रिश्वत लेते धराए

बाघमारा के बीडीओधनबाद जिले के बाघमारा के बीडीओ गिरजानंद किस्कू को एसीबी धनबाद की टीम ने मंगलवार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने ठेकेदार राजेश्वर प्रसाद मुंशी की बकाया दो लाख रुपये की राशि के भुगतान के एवज में रिश्र्वत मांगी थी। राजेश्वर प्रसाद मुंशी ने चौदहवें वित्त आयोग के तहत चापाकल, नलकूप व चबूतरा का निर्माण करवाया था। राजेश्वर की लिखित शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी ने बीडीओ को रंगे हाथ पकड़ा।

चार हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत सेवक गिरफ्तार

एसीबी हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को करसो पंचायत के पंचायत सेवक गोकुल मेहता को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ चरही के जरवा निवासी मुकेश कुमार सिंह ने एसीबी में लिखित शिकायत की थी। भवन के प्रभार दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के एवज में उनसे पंचायत सेवक ने आठ हजार रुपये की मांग की थी।

ढाई हजार रुपये रिश्वत लेते धराए

लेखापाल एसीबी दुमका की टीम ने मंगलवार को देवघर के देवीपुर प्रखंड के लिपिक सह लेखापाल राजीव कुमार सिंह को ढाई हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ सहिया अनिता देवी ने एसीबी दुमका के पास लिखित शिकायत की थी। बताया था कि उनसे लेखापाल ने मानदेय के रूप में मिले 10000 रुपये में 25 प्रतिशत रिश्र्वत मांगी थी।

रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

दुमका में एसीबी ने बिजली ऑफिस के कर्मचारी प्रकाश सिंह को रानीश्वर के बिजली मिस्त्री से 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा। एसीबी की टीम ने प्रकाश को उस समय हिरासत में ले लिया, जब वह दुधानी चौक में मिस्त्री से 5000 रुपये ले रहा था।

4500 रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया कॉल ऑपरेटर

एसीबी हजारीबाग की टीम ने सदर अस्पताल हजारीबाग के कॉल ऑपरेटर धीरेंद्र कुमार को 4500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ ममता वाहन (एंबुलेंस) के चालक विनोद कुमार ने एसीबी हजारीबाग से शिकायत की थी कि कॉल ऑपरेटर ने 50 रुपये प्रत्येक कॉल के हिसाब से 4500 रुपये की मांग की थी। नहीं देने पर सेवा समाप्त करने की धमकी दी थी।

बाघमारा के बीडीओ गिरजानंद किस्कू को एसीबी ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

एसीबी के डर से अधिकारी लगा रहे अपने कार्यालय में सीसीटीवी

धनबाद में सरकारी मुलाजिमों पर एसीबी की कार्रवाई लगातार बढ़ रही है। इसके मद्देनजर अब जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अपने चैंबर में सीसीटीवी लगा लिया है ताकि कार्यालय की तमाम गतिविधि सीसीटीवी में कैद रहे। एसीबी का सहारा लेकर कोई उन्हें फंसाने का प्रयास करे तो सीसीटीवी फुटेज की मदद से उन्हें इससे छुटकारा मिल सके।

बीडीओ का आवास, जहां से हुई गिरफ्तारी। 

यह भी पढ़ेंः अमित शाह का संगठन को हर हाल में टास्क पूरा करने का अल्टीमेटम