उपमुखिया के घर से नगदी-जेवरात सहित लाखों की चोरी
पिड्राजोरा थाना क्षेत्र के टुपरा गांव निवासी उपमुखिया अंजू देवी के घर में शुक्रवार की देर रात घुसे चोरों ने नगदी सहित जेवर आदि चुरा लिये। इस संबंध में उपमुखिया के पति लक्ष्मण सिंह चौधरी ने पिड्राजोरा में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है।
संवाद सहयोगी, पिड्राजोरा: पिड्राजोरा थाना क्षेत्र के टुपरा गांव निवासी उपमुखिया अंजू देवी के घर में शुक्रवार की देर रात घुसे चोरों ने नगदी सहित जेवर आदि चुरा लिये। इस संबंध में उपमुखिया के पति लक्ष्मण सिंह चौधरी ने पिड्राजोरा में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। मामला दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी निरंजन कुमार मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। खोजी कुत्ते का भी सहारा लिया गया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इधर, दर्ज मामले में चौधरी ने कहा है कि शुक्रवार की रात घर के सभी लोग सोए हुए थे। सुबह उठकर देखा तो उनके रूम का दरवाजा बाहर से बंद था। बगल के कमरे में सोए पिताजी को आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। बाहर निकलकर देखा तो जिस कमरे में नगदी सहित जेवरात रखा हुआ था, उसका ताला टूटा हुआ पाया। कमरे के अंदर बक्सा का ताला भी टूटा था। चौधरी ने बताया कि चोरों ने नगद 2.40 लाख रुपये, सोने की दो चेन, सोने की अंगूठी, सोने की बिछिया तथा चांदी के जेवर सहित कांसे के बर्तन और बाइक के कागजात चुरा लिये।