विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bokaro News: बेरमो में मुहर्रम पर बड़ा हादसा, हाई टेंशन तार में ताजिया जुलूस सटने से 4 लोगों की मौत; कई झुलसे

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Sat, 29 Jul 2023 08:53 AM (IST)

Bokaro News बोकारो के बेरमो अनुमंडल के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको में ताजिया जुलूस के क्रम में बड़ा हादसा ...और पढ़ें

बेरमो में हाई टेंशन तार में ताजिया जुलूस सटने से 4 लोगों की मौत। जागरण
बेरमो में हाई टेंशन तार में ताजिया जुलूस सटने से 4 लोगों की मौत। जागरण

HighLights

  1. बोकारो के बेरमो स्थित पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको की घटना
  2. ताजिया उठाने के दौरान 11 हजार हाई टेंशन तार में सटने से चार लोगों की मौत
  3. आठ लोग गंभीर रूप से झुलसे, बर्न वार्ड में चल रहा इलाज

बेरमो (बोकारो), जागरण टीम। Bokaro News: बोकारो के बेरमो अनुमंडल के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेतको में ताजिया जुलूस के क्रम में बड़ा हादसा हो गया। ताजिया उठाने के दौरान 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार में सटने से चार लोगों की मौत हो गई।

वहीं, घटना में 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों में एक की हालत अति गंभीर है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद सभी को बोकारो रेफर कर दिया।

वहीं, अस्पताल में एंबुलेंस नहीं रहने की वजह से घायलों के स्वजन ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद सभी अपने-अपने साधन से बोकारो बीजीएच पहुंचे। यहां सभी का इलाज चल रहा है, जिसमें एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में घायलों के स्वजन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे हैं।

तार में ताजिया सटते ही उठी जोरदार आवाज

घटना के बारे में खेतको मुखिया शब्बीर अंसारी ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे ऊपरदरगाह टोला में मिलन के लिए ताजिया घुमाया जा रहा था। ताजिया घुमाने के क्रम में ऊपर से जा रहे 11 हजार के हाई टेंशन तार से सट गया। जोरदार आवाज के साथ कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

मुखिया ने बताया कि खेतको शिव मंदिर के पास चार ताजिया का मिलन होता है, जो विभिन्न जगहों से घूमते हुए शिव मंदिर के पास मिलन को पहुंचता है। यहां पहुंचने वाले में दरगाह टोला, पारटांड़, नीचे मोहल्ला व ऊपरदरगाह टोला का ताजिया मिलता है, जिसमें ऊपरदरगाह टोला में हादसा हो गया है।

मृतकों और घायलों के नाम

मृतकों की पहचान आसिफ रजा (21 वर्ष), एनामुल रब (35 वर्ष), गुलाम हुसैन (18 वर्ष) और साजिद अंसारी (18 वर्ष) के रूप में की गई है। वहीं, सालुद्दीन अंसारी, इब्राहिम अंसारी, लाल मोहमद, फिरदौस अंसारी, मेहताब अंसारी, आरिफ अंसारी, शहबाज अंसारी, मोजोबिल अंसारी और साकिब अंसारी का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है।