अधिकारियों को धमकाकर सरकार चला रहे हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने प्रशासन के मनोबल को तोड़ दिया है। इस तरह से सरकार नहीं चलाई जा सकती। दबाव देकर राज्य को नहीं चलाया जा सकता।
बेरमो : आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि अधिकारियों को धमकाकर झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार चला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासन के मनोबल को तोड़ दिया है। इस तरह से सरकार नहीं चलाई जा सकती। दबाव देकर राज्य को नहीं चलाया जा सकता।
यह बातें उन्होंने बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बोकारो थर्मल के झंडा चौक में शुक्रवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सरकार तो आती-जाती रहती है। गलत नीतियों से चलने वाली वर्तमान राज्य सरकार के मनोबल को अब तोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन अब कह रहे हैं कि केंद्र सरकार पैसा नहीं दे रही है, कैसे काम होगा। वहीं, हेमंत सोरेन ने वर्ष-2019 में कहा था कि उन्हें केंद्र सरकार की किसी भी मदद की आवश्यकता नहीं है। अपने दम पर सरकार चलाएंगे। अब केंद्र से मदद नहीं मिलने का राग वे क्यों अलाप रहे हैं। कई राज्य ऐसे हैं, जो बिना केंद्र की मदद के चल रही है। पड़ोस के पश्चिम बंगाल को ही देख लें।
उन्होंने कहा कि बेरमो के लोगों के मुद्दे पानी, क्वार्टर व रोजगार के लिए कभी भी न तो कांग्रेस ने और न ही झामुमो के नेताओं ने कोई आंदोलन किया। आजतक दोनों पार्टियों ने जनहित के मुद्दों के लिए लड़ाई नहीं लड़ी। केवल भय दिखाकर शासन करने के अलावा कुछ भी नहीं किया। आजसू पार्टी सह एनडीए गठबंधन की लड़ाई कुमार जयमंगल या दिवंगत राजेंद्र बाबू के खिलाफ नहीं है। यह लड़ाई कांग्रेस पार्टी के विरुद्ध है। मंच पर गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, गोमिया के विधायक डॉ. लंबोदर महतो, सूबे के पूर्व मंत्री उमाकांत रजक, रामगढ़ की जिप सदस्य सीमा देवी, भाजपा के जिलाध्यक्ष भरत यादव, भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।