खेल शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक
बोकारो संत जेवियर्स सोशल सर्विस विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए स्कूल के मैदान में वार्षिक खेलकू
बोकारो : संत जेवियर्स सोशल सर्विस विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए स्कूल के मैदान में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य फादर पीजे जेम्स, उप प्राचार्य फादर अरुण मिज, मंजुला, सिस्टर ग्रेस व सिस्टर मंजू ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्राचार्य फादर पीजे जेम्स ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक है। इससे शरीर का संपूर्ण व्यायाम होता है। खेलकूद से आपसी भाईचारे व नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस क्षेत्र में करियर की भी संभावना है। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भाग लेना चाहिए। विद्यार्थियों ने मॉस ड्रिल प्रस्तुत किया। उन्होंने मार्च पास्ट के माध्यम से अतिथियों को सलामी दी।
-राजेश व सादिया बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
विद्यार्थियों ने क्रॉस कंट्री दौड़ व खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने गेट रेडी फॉर पार्टी, सैक रेस, बैलून रेस, जलेबी रेस, गारलैंड रेस, व्हील फ्लैग रेस, बाधा दौड़, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, रिले रेस आदि में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मेडल जीता। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ग्रुप ए बालक वर्ग में राजेश कुमार व बालिका वर्ग में अनामिका, ग्रुप बी बालक वर्ग में प्रिस व बालिका वर्ग में करिश्मा, ग्रुप सी बालक वर्ग में ओम प्रकाश व बालिका वर्ग में सृष्टि वर्षा टोपनो एवं ग्रुप डी बालक वर्ग में सन्नी कुमर व बालिका वर्ग में पूजा कुमारी चैंपियन रहे। राजेश कुमार, सादिया खातून, प्रिस कुमार व करिश्मा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किए गए। क्रॉस कंट्री दौड़ में लोरेटो हाउस पहले स्थान पर रहा। मॉस ड्रिल में जेनियर व लोयला हाउस विजेता रहे। मार्च पास्ट में जेवियर हाउस विजेता रहा। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर लोरेटो हाउस चैंपियन बना। लोयला हाउस दूसरे, जेवियर हाउस तीसरे व कार्मेल हाउस चौथे स्थान पर रहे। अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।