SIR-2026: नोटिस पाने वाले मतदाताओं के घर पहुंचेंगे BLO, दस्तावेज जुटाकर शिकायतों का करेंगे समाधान
SIR-2026 की ड्राफ्ट मतदाता सूची में त्रुटियों या दस्तावेज़ों की कमी वाले मतदाताओं को अब राहत मिलेगी। बीएलओ घर-घर जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे।

SIR के दाैरान शिकायत का निपटारा करतीं बीएलओ। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे।
प्रखंड स्तर पर हेल्प सेंटर स्थापित होंगे, जहां मिलेगी सहायता।
समस्याग्रस्त क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, बोकारो। बोकारो : भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने वोटर रजिस्ट्रेशन और मतदाता सूची में नाम बनाए रखने की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है।
नोटिस पाने वाले मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए अब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर उनसे संपर्क करेंगे और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी जुटाएंगे।
आयोग के निर्देश के मद्देनजर सोमवार को बोकारो के डीसी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर BLO को नोटिस पाने वाले मतदाताओं की शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समाधान करने का निर्देश दिया।
जरूरत पड़ने पर मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी डा. अजय नाथ झा ने इसको लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में किसी पात्र नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसकी समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में एसआईआर-2026 की समीक्षा बैठक में बीएलओ के घर-घर संपर्क, प्राप्त प्रपत्रों एवं दस्तावेजों की जांच तथा लंबित मामलों के निष्पादन की समीक्षा की गई।
डीसी ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन होना चाहिए। जिन क्षेत्रों में दस्तावेज अथवा मतदाता सूची से संबंधित समस्याएं अधिक हैं, वहां विशेष ध्यान देकर कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने कहा कि पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराते हुए मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, उसमेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
एसआईआर में राहत के लिए क्या-क्या होगा
1. प्रखंड स्तर पर बनेंगे हेल्प सेंटर : मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड स्तर पर हेल्प सेंटर स्थापित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार एक प्रखंड में एक से अधिक केंद्र भी बनाए जा सकेंगे।
2. घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ : नोटिस पाने वाले अथवा दस्तावेज से संबंधित समस्या वाले मतदाताओं से बीएलओ सीधे संपर्क करेंगे। उनकी समस्या और उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी ली जाएगी।
3. कागजात की कमी की मिलेगी जानकारी : बीएलओ मतदाताओं को यह जानकारी देंगे कि संबंधित मामले में कौन से दस्तावेज आवश्यक हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें कैसे उपलब्ध कराया जा सकता है।
4. समस्याग्रस्त क्षेत्रों में विशेष शिविर : जिन इलाकों में एसआईआर से संबंधित अधिक मामले या कठिनाइयां सामने आएंगी, वहां विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में मतदाताओं को प्रक्रिया और दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी।
5. एईआरओ करेंगे क्षेत्र का निरीक्षण : एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ दोपहर बाद क्षेत्र भ्रमण कर बीएलओ के काम की निगरानी करेंगे। वे घर-घर संपर्क और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
6. लंबित मामलों के निष्पादन पर जोर : बीएलओ से प्राप्त मामलों को संबंधित स्तर तक भेजकर उनके निष्पादन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
7. राजनीतिक दलों से भी होगा संवाद : राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर एसआईआर की प्रक्रिया की जानकारी साझा करने का निर्देश दिया गया है।
यह भी पढ़ें- SAIL निदेशक मंडल में सदस्यों का गंभीर संकट, प्रबंधन की बढ़ी मुश्किलें
यह भी पढ़ें- EPFO के नए नियम: जॉबलेस के लिए पीएफ का पैसा निकालना हुआ आसान, बोकारो के लाखों कर्मचारियों को फायदा
