SAIL अफसरों की दीपावली होगी रोशन, 15000 से 1.5 लाख रुपये तक मिल सकता है एडवांस PRP
सेल के लगभग 12000 अधिकारियों को इस दीपावली पर परफॉरमेंस रिलेटेड पे (पीआरपी) का एडवांस तोहफा मिलेगा।

स्टील अथारिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड सेल। (फाइल फोटो)
HighLights
सेल अधिकारियों को दीपावली पर मिलेगा पीआरपी का तोहफा।
लगभग 12 हजार अधिकारी होंगे इस एडवांस से लाभान्वित।
यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अग्रिम होगी।
जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड सेल अफसरों को इस दीपावली पर परफारमेंस रिलेटेड पे यानी की पीआरपी का तोहफा मिलने जा रहा है।
इससे सेल में कार्यरत लगभग 12 हजार अधिकारी लाभान्वित होंगे। यह राशि वित्तीय 2025-26 के लिए बतौर एडवांस उन्हें दी जाएगी।
जिसका समायोजन बाद में सेल अधिकारियों के वेतनमान से कर लिया जाएगा। इस मसले पर स्टील एग्जीक्यूटिव फेडरेशन आफ इंडिया सेफी की ओर से सेल प्रबंधन को एक प्रस्ताव दिया गया है।
जहां त्योहार के इस मौसम में अधिकारियों को एडवांस पीआरपी देने की मांग की गई है। प्रस्ताव में कहा गया है की चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी ने बंफर मुनाफा अर्जित किया है, इसलिए अधिकारियों को वित्त वर्ष 2025-26 की पीआरपी का 50 से 60 प्रतिशत राशि इस दीपावली में एडवांस के तौर पर दी जाए।
एडवांस पीआरपी के तौर पर कंपनी में कार्यरत सहायक प्रबंधक को 15 हजार रुपये से लेकर मुख्य महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों को लगभग डेढ़ लाख रुपये मिलने की संभावना है।
दिल्ली में होने जा रही बैठक
सेल अफसरों के पीआरपी भुगतान सहित अन्य लंबित मुद्दों को लेकर सेल प्रबंधन व सेफी के पदाधिकारियों के बीच नवंबर माह के पहले हफ्ते में एक अहम बैठक नई दिल्ली में होने जा रही है।
बैठक में सेल के सेवानिवृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लाइसेंस योजना के तहत डी तथा सी टाइप आवास देने तथा उच्च पेंशन के तहत बोकारो तथा राउरकेला में सेल अधिकारियों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा उत्पन्न की गई समस्या के सार्थक समाधान पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
बता दें की सेल में पीआरपी का भुगतान कंपनी की रेटिंग के आधार पर तय किया जाता है, जो की जनवरी माह तक आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- SAIL को पहली छमाही में बंपर मुनाफा: बोकारो प्लांट सबसे आगे, कमाए 1500 करोड़
सेल अफसरों को दीपावली में एडवांस पीआरपी देने की मांग उच्च प्रबंधन से की गई है। कंपनी को चालू वित्त वर्ष 2026-27 में हुए बेहतर मुनाफा के बाद जल्द ही प्रबंधन की ओर से इस पर सकारात्मक निर्णय ले लिया जाएगा।
विमल कुमार विशी,पूर्व महासचिव, सेफी
