विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व अधिकारियों के लिए फिर खुले SAIL के दरवाजे, बर्नपुर प्लांट में 14 पदों पर होगी नियुक्ति; ₹1 लाख तक सैलरी  

Published: Wed, 16 Sep 2026 04:22 PM (IST)

सेल के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए सलाहकार पदों पर भर्ती की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

सेल में निकली सलाहकारों की भर्ती। फाइल फोटो

सेल में निकली सलाहकारों की भर्ती। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, बोकारो। स्टील अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड सेल के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में अनुबंध पर सलाहकार की नियुक्ति की जाएगी। इसके हकदार बीएसएल सहित सेल के अन्य इकाई से सेवानिवृत हुए कनीय प्रबंधक से लेकर पूर्व महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी होंगे।

पद की अर्हता रखने वाले उम्मीदवारों को 30 सितंबर 2026 तक इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक कार्मिक ओडी कार्यालय में अपना आवेदन जमा करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

जिसमें सफल अधिकारी को सलाहकार के पद पर नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा। सलाहकार के पद पर चयनित अधिकारी छह माह के लिए कंपनी में अपनी सेवा देंगे, जहां उनके विभागीय कार्यप्रणाली को देखते हुए अनुबंध की मियाद एक साल के लिए बढ़ाई जा सकती है।

उम्मीदवारों की योग्यता व वेतन

सेल के इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र में कुल 14 अधिकारियों का चयन सलाहकार के पद पर किया जाएगा। इनमें प्रोजेक्ट सिविल में 2, प्रोजेक्ट सेफ्टी में 1, प्रोजेक्ट हॉट स्ट्रिप मिल में 2, प्रोजेक्ट इलेक्ट्रिकल में 2, प्रोजेक्ट फाइनेंस में 2, वक्सZ सेफ्टी में 1, वक्सZ पावर में 1, वक्सZ वायर रोड मिल में 1, वक्सZ यूआरएम में 1 तथा उर्जा प्रबंधन विभाग में 1 अधिकारी सलाहकार के लिए बहाल किये जाएंगे।

सेल के ऐसे अधिकारी, जो अपने पद से इस्तीफा दिए हों तथा उन्हें कंपनी प्रबंधन की ओर से स्वैच्छिक या अनिवार्य सेवानिवृति दी गई हो, वे इसके हकदार नही होंगे।

वहीं, ऐसे पूर्व अधिकारी जिन्हें उनके तीन साल के सेवाकाल में सी ग्रेड मिला हो, वे भी सलाहकार पद के लिए पात्र नही माने जाएंगे। उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है।

इस दौरान चयनित सलाहकार में पूर्व कनीय प्रबंधक से लेकर पूर्व प्रबंधक को प्रतिमाह 50 हजार रुपये, पूर्व वरीय प्रबंधक को 60 हजार रुपये, पूर्व सहायक महाप्रबंधक प्रबंधक को 70 हजार रुपये, पूर्व उप महाप्रबंधक को 80 हजार रुपये, पूर्व महाप्रबंधक को 1 लाख रुपये वेतनमान के तौर पर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें रहने के लिए आवास तथा मोबाइल फोन की भी सुविधा दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- टाटा पिगमेंट्स के कर्मचारियों को मिला बोनस का तोहफा: खाते में पहुंचे अधिकतम ₹73629