सुनील शेट्टी के साथ एफएम पर सुनाई दे रही बोकारो के ऋषभ की आवाज
फीवर 104 एफएम पर ऋषभ राज रेडियो धारावाहिक जय बजरंगी में लक्ष्मण की आवाज दे रहे हैं।
जासं, बोकारो। बोकारो के ऋषभ राज ने परिश्रम व लगन से अपनी अलग पहचान बनाई है। वे इन दिनों सिने जगत के मशहूर अभिनेता सुनील शेट्टी के साथ काम कर रहे हैं। फीवर 104 एफएम पर ऋषभ राज रेडियो धारावाहिक जय बजरंगी में लक्ष्मण की आवाज दे रहे हैं। सुनील शेट्टी मुख्य पात्र बजरंगबली यानी हनुमानजी की आवाज दे रहे हैं। ऋषभ का यह पहला रेडियो कार्यक्रम है।
इसे भारत के चार स्टेशन मुंबई, दिल्ली, कोलकाता एवं उत्तर प्रदेश के सभी एफएम पर सुना जा सकेगा। बोकारो के कुर्मीडीह निवासी सेवानिवृत्त इस्पातकर्मी जनार्दन चौधरी और गृहिणी हरमुना देवी के पुत्र ऋषभ ने होली क्रॉस स्कूल बालीडीह से प्लस टू स्तर की शिक्षा ग्रहण की है। विस्थापित कॉलेज बालीडीह से बीए करने के बाद अनुपम खेर अकादमी से एक्टिंग का कोर्स एवं भारतीय नाट्य शिक्षापीठ मुंबई से थियेटर से संबंधित कोर्स किया।
ऋषभ ने दूरभाष पर बताया कि अब तक अर्जुन, दिल दोस्ती डांस, इट्स कंप्लीकेटेड, बिग फेम स्टार जैसे टीवी शो के अलावा रिलीज हो चुकी दो हिन्दी फिल्में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और फिर आया सत्ते पे सत्ता में भी काम कर चुके हैं।