जननायक के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प
बेरमो कोयलांचल के फुसरो स्थित कर्पूरी ठाकुर भवन में एकीकृत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह जननायक कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती रविवार को मनाई गई। यहां उपस्थित लोगों ने जननायक के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
संवाद सहयोगी, करगली (बेरमो) : बेरमो कोयलांचल के फुसरो स्थित कर्पूरी ठाकुर भवन में एकीकृत बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह जननायक कर्पूरी ठाकुर की 100वीं जयंती रविवार को मनाई गई। यहां उपस्थित लोगों ने जननायक के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि बेरमो थाना प्रभारी शैलेश कुमार चौहान, विशिष्ट अतिथि नगर परिषद फुसरो के कार्यपालक पदाधिकारी अरुण कुमार भारती एवं युवा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष आर उनेश ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत कराई। मुख्य अतिथि चौहान ने कहा कि जन-जन के दिलों में बसने वाले महान नेता थे कर्पूरी ठाकुर। अनुसूचित जाति व पिछड़े तबके के लोगों को आरक्षण की ताकत दिलाने वाले कर्पूरी जी ही थे। उनके बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है। कार्यपालक पदाधिकारी भारती ने कहा कि आज सभी समाज के लोगों को जाति व धर्म से ऊपर उठकर जनहित में काम करने की जरूरत है।
विशिष्ट अतिथि उनेश ने कहा कि जन-जन के हृदय में बसे कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न की उपाधि मिलनी चाहिए। इसके लिए सभी लोगों को सरकार के पास आवाज उठाने की जरूरत है। बालगोविद ठाकुर व पूर्व पार्षद कैलाश ठाकुर ने कहा कि बेरमो कोयलांचल के फुसरो स्थित अनुमंडलीय अस्पताल का नाम पूर्व में कर्पूरी ठाकुर रेफरल अस्पताल था, लेकिन अब उस नाम को विलोपित कर दिया गया। इस ओर स्वास्थ्य विभाग को ध्यान देना चाहिए। राष्ट्रीय नाई महासभा के जिला उपाध्यक्ष विनोद ठाकुर, जरीडीह पंचायत के उपमुखिया तुलसी रविदास, बैदकारो के उपमुखिया ललन कुमार एवं बहुजन सेना दल के मेघु दिगार सहित मोहन राम ठाकुर, दीनबंधु ठाकुर, दिनेश ठाकुर, तपेश्वर ठाकुर, प्रेम शर्मा, डॉ. एसबी शर्मा, किशोरी शर्मा, डब्लू शर्मा, आशीष ठाकुर, महेश ठाकुर आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन उमाशंकर ठाकुर ने किया।