भाजपा ने बदली रणनीति, योगी के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग झारखंड में, पश्चिम बंगाल में होगी सभा
yogi adityanath. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का हेलीकॉप्टर झारखंड में लैंड करेगा और सभा पश्चिम बंगाल में होगी।
बोकारो, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का हेलीकॉप्टर मंगलवार को झारखंड में लैंड करेगा और सभा पश्चिम बंगाल में होगी। इसी योजना के तहत पश्चिम बंगाल बार्डर पर स्थित नगेन मोड़ में योगी आदित्य नाथ का हेलीकॉप्टर उतरेगा। यहां से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पुरुलिया जाएंगे। यहां वह भाजपा की सभा को संबोधित करेंगे। सीएम को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी कर ली है।
ममता ने योगी के हेलीकॉप्टर को उतरने की नहीं दी अनुमति तो उप्र के सीएम ने रैली को फोन से किया संबोधित
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बालूरघाट में रैली को फोन से संबोधित किया। रविवार को योगी आदित्यनाथ की रायगंज व बालूरघाट में दो रैलियां आयोजित होने वाली थीं, लेकिन अंतिम समय पर ममता सरकार ने योगी के हेलीकॉप्टर को लैंडिग की अनुमति नहीं दी। इसके बाद योगी ने फोन पर रैली को संबोधित किया।
ममता सरकार और तृणमूल कांग्रेस को लोकतंत्र विरोधी बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनविरोधी और राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों को बढ़ावा देने वाली सरकार भाजपा से घबरा गई है। इसलिए पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रथ यात्रा को रोका गया और अब मुझे रोक रहे हैं। पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र को लगातार दबाया जा रहा है। चुनाव लड़ने वाले विरोधी दल के कार्यकर्ताओं को कैसे बंधक बनाया जाता है, निर्मम हत्या की जाती है, यह तांडव पश्चिम बंगाल में लगातार दिखाई दे रहा है।
रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि ममता बनर्जी ने शुरू से भाजपा के लोकतंत्र बचाओ आंदोलन का विरोध किया है। अमित शाह को इस पहल को शुरू करने के लिए पश्चिम बंगाल जाना था, लेकिन राज्य सरकार ने उसे रोक दिया। रविवार को बालूरघाट और रायगंज में मेरी रैलियां थीं, लेकिन उन्होंने हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं दी। इसलिए टेलीफोन के माध्यम से रैली को संबोधित करना पड़ा। योगी ने कहा कि जिस मजबूती से भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल के गुंडों का मुकाबला किया है, मैं उसके लिए आप सभी का अभिनंदन करता हूं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार आएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं को दबाने का काम कर रही है और प्रशासन तृणमूल कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहा है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल में 100 से अधिक रैलियां आयोजित करने का निर्णय किया है। इसकी शुरुआत मालदा जिले में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रैली करके कर दी।
पांच फरवरी को भी पश्चिम बंगाल में योगी आदित्यनाथ की दो सभाएं हैं। एक सभा पुरुलिया और दूसरी सभा बांकुड़ा जिले में है। प्रदेश भाजपा के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इन दो रैलियों के लिए भी प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई अनुमति नहीं दी गई है। अनुमति के लिए जाने पर जिलाधिकारियों द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। अनुमति नहीं मिलेगी, प्रशासन इसकी लिखित जानकारी भी नहीं दे रहा है।