लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने को पुलिस तत्पर
संडेबाजार/कथारा (बेरमो) लॉकडाउन के नियम सख्ती से पालन कराने को पुलिस तत्पर है ताकि
संडेबाजार/कथारा (बेरमो) : लॉकडाउन के नियम सख्ती से पालन कराने को पुलिस तत्पर है, ताकि पूरे बोकारो जिला को पूर्णरूप से कोरोना से मुक्त किया जा सके। गुरुवार को एसपी चंदन कुमार झा, डीएसपी सतीशचंद्र झा एवं एएसपी अभियान उमेश कुमार ने बेरमो कोयलांचल अंतर्गत गांधीनगर, आइईएल, बोकारो थर्मल थाना और कथारा व तेनुघाट ओपी का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने गांधीनगर थाना के प्रभारी पंकज कुमार कच्छप से लॉकडाउन की स्थिति के बारे में चर्चा की। कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए लॉकडाउन का पालन करते हुए शारीरिक दूरी का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाए।
गांधीनगर थाना के बाद एसपी, डीएसपी व एएसपी अभियान कथारा ओपी पहुंचे। उन्होंने दर्ज कांडों के संदर्भ में ओपी प्रभारी युधिष्ठिर महतो से जानकारी ली। एसपी ने कहा कि लोग कोरोना से बचाव के प्रति सजग हैं। पुलिस प्रशासन लोगों के सहयोग से अपने कर्तव्य निभा रहा है। सभी के सहयोग की बदौलत ही इस वैश्विक महामारी से जंग में जीत हासिल की जा सकेगी। मौके पर कथारा ओपी के अवर निरीक्षक कृष्णानंद पाठक बोकारो थर्मल थाना के सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार झा व सशस्त्र पुलिस बल के कई जवान उपस्थित थे।