दहेज की खातिर हत्या करने का मामला दर्ज
सुरही (बेरमो) नावाडीह थाना क्षेत्र के लेम्बोडीह निवासी जितेंद्र महतो की पत्नी सरस्वती देवी की
सुरही (बेरमो): नावाडीह थाना क्षेत्र के लेम्बोडीह निवासी जितेंद्र महतो की पत्नी सरस्वती देवी की फांसी लगाकर जान देने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। तोपचांची थाना क्षेत्र के नरकुपी निवासी मृतका के पिता बुधु महतो ने दहेज की खातिर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए चार लोगों पर मामला दर्ज करा दिया है। हालांकि मृतका के पति जितेंद्र महतो का कहना था कि खेत में सिचाई करने को लेकर नोकझोंक के बाद उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मृतका के पिता ने नावाडीह थाना की पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सरस्वती देवी को ससुराल वाले दहेज के रूप में नकद रुपये व मोटरसाइकिल के लिए प्रताड़ित करते थे। उसे लेकर कई बार पंचायती भी की गई थी। उसके बावजूद मृतका के पति जितेंद्र महतो, ससुर प्रयाग महतो, देवर राजेश महतो एवं चाचा ससुर तिलक महतो नहीं माने और सरस्वती देवी के साथ प्रताड़ना का दौर जारी रखा।
मृतका के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर नावाडीह थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के पति जितेंद्र महतो, ससुर प्रयाग महतो, देवर राजेश महतो एवं चाचा ससुर तिलक महतो को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। कांड का अनुसंधान कर रहे सहायक अवर निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चारों आरोपित फरार हैं।