डीवीसी मुख्यालय नहीं खोला जाएगा तो आंदोलन
बारह सूत्री मांग को लेकर संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के नेताओं ने गुरुवार को बोकारो थर्मल स्थित बोकारो क्लब दुर्गा मंडप प्रांगण में प्रदर्शन किया।
बोकारो थर्मल (बेरमो) : बारह सूत्री मांग को लेकर संयुक्त ट्रेड यूनियन मोर्चा के नेताओं ने गुरुवार को बोकारो थर्मल स्थित बोकारो क्लब दुर्गा मंडप प्रांगण में प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही डीवीसी मुख्यालय नहीं खोला जाएगा तो आंदोलन किया जाएगा।
यूनियन के प्रतिनिधियों ने मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रुप सी एवं डी के कर्मचारियों को पदोन्नति देना, एफसीए के आदेश में संशोधन करना, डीवीसी के लिए नए ग्राहकों का चयन करना, बिजली बिल की बकाया राशि संग्रह करना, प्लॉट का शुद्धिकरण करना आदि शामिल हैं। कहा कि कोलकाता स्थित डीवीसी मुख्यालय को लॉकडाउन के समय से ही कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर बंद किया गया। लगभग चार महीना से अधिक समय गुजर चुका, फिर भी अभी तक मुख्यालय बंद है। इस कारण कार्य प्रभावित होने के साथ ही कामगारों को परेशानी हो रही है। यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि डीवीसी मुख्यालय में पुन: कार्य शुरू करने की मांग लगातार की जा रही है। इसके बावजूद डीवीसी मुख्यालय को खोला नहीं जा रहा है। जबकि कोई भी कार्यालय को बंद रखने का आदेश न तो केंद्र सरकार ने दिया है और न ही पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से दिया गया है। डीवीसी के अधिकारी मनमाने तरीके से कोरोना का बहाना कर मुख्यालय को बंद रखे हुए हैं। मुख्यालय बंद रहने से डीवीसी के कर्मचारियों के कार्यों एवं संस्थान की प्रगति में बाधा आ रही है। मौके पर यूनियन प्रतिनिधियों में भामसं के भरत यादव, दीनानाथ प्रसाद, कर्मचारी संघ के सदन सिंह, मजदूर यूनियन के जानकी महतो, स्टाफ एसोसिएशन के आरएस पांडेय, डीके पांडेय, जेएमएस के गोपाल प्रसाद, एचएमकेपी मो. फरीद, प्रकाशचंद्र मेहता आदि उपस्थित थे।