पेड़ से टकराई कार, डॉक्टर समेत सात लोग घायल
संवाद सहयोगी भंडारीदह (बेरमो) चंद्रपुरा-फुसरो मुख्य पथ पर कल्याणी कॉलोनी के समीप सोमवार को सड़क हादसे में धनबाद के टाटा हॉस्पिटल जामाडोबा के डॉ. अंकित प्रकाश सहित उनकी पत्नी डॉ. निधि मां भाभी व तीन बच्चे समेत कुल सात लोग घायल हो गए। सभी को चंद्रपुरा स्थित डीवीसी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो जेनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
संवाद सहयोगी, भंडारीदह (बेरमो) : चंद्रपुरा-फुसरो मुख्य पथ पर कल्याणी कॉलोनी के समीप सोमवार को सड़क हादसे में धनबाद के टाटा हॉस्पिटल, जामाडोबा के डॉ. अंकित प्रकाश सहित उनकी पत्नी डॉ. निधि, मां, भाभी व तीन बच्चे समेत कुल सात लोग घायल हो गए। सभी को चंद्रपुरा स्थित डीवीसी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो जेनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉ. अंकित अपने स्वजनों के साथ फुसरो से चंद्रपुरा बोलेनो कार से जा रहे थे। कल्याणी कॉलोनी के समीप पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार का एयरबैग खुल जाने से डॉक्टर एवं उनके परिवार के छह सदस्य बड़ी दुर्घटना की चपेट में आने से बच गए। खबर मिलते ही मकोली ओपी की पुलिस घटनास्थल पहुंची।
डॉ. अंकित ने बताया कि कल्याणी पीओ कार्यालय के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सामने आ गया। उसे को बचाने के दौरान कार पेड़ से टकरा गई। कार में उनके अलावा पत्नी, मां, भाभी व तीन बच्चे सवार थे। घायलों में डॉ. अंकित की पत्नी डॉ. निधि चंद्रपुरा स्थित डीवीसी अस्पताल में पदस्थापित हैं। वहीं, डॉ. अंकित की मां मधु देवी नर्स हैं, जो डीवीसी अस्पताल चंद्रपुरा में ही कार्यरत हैं।
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
संस, बोकारो थर्मल (बेरमो): बोकारो थर्मल स्थित कोनार नदी पर अर्धनिर्मित ओवर ब्रिज से गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गोमिया के आइईएल लटखुट्टा निवाली 30 वर्षीय राजेश गंझू एवं अरुण गंझू बाइक से गोमिया की तरफ जा रहे थे। ओवरब्रिज पर कोई सुरक्षा घेरा नहीं होने की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर 50 फीट नीचे जा गरी। दोनों घायलों को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने राजेश को मृत घोषित कर दिया।
अनियंत्रित हो कर ऑटो पलटा, छह महिला होमगार्ड घायल
संवाद सहयोगी, कथारा (बेरमो) : गोमिया कथारा मुख्य मार्ग पर जारंगडीह परियोजना कार्यालय के पास एक ऑटो के अनियंत्रित हो कर पलट गया। इस हादसे में आधा दर्जन महिला होमगार्ड घायल हो गईं। वहीं महिला होमगार्ड कुमकुम चौधरी कि स्थिति गंभीर हुई है। वहीं खुशबू कुमारी, नीलम तिर्की, राधा कुमारी, मंजू कुमारी व शीला कुमारी भी घायल हुई हैं। सभी घायलों को तत्काल ढोरी केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुमकुम चौधरी को बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी महिला होमगार्ड जारंगडीह परियोजना से ऑटो में बैठ कर फुसरो जा रही थीं। रास्ते में दूसरे वाहन से बचने के चक्कर में ऑटो अनियंत्रित हो कर पलट गई।