झामुमो के स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने का लिया निर्णय
झारखंड मुक्ति मोर्चा चास नगर समिति की ओर से गुरुवार को चास मारवाड़ी धर्मशाला में दीपू सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पार्टी के 48वें स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया।
जागरण संवाददाता, चास: झारखंड मुक्ति मोर्चा चास नगर समिति की ओर से गुरुवार को चास मारवाड़ी धर्मशाला में दीपू सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पार्टी के 48वें स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया। पार्टी के जिलाध्यक्ष हीरलाल मांझी ने कहा कि राज्य में पहली बार आम जनता के हित की सरकार बनी है। लोगों के भरोसा के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल में उतारा जाएगा। समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सरकार कृत संकल्पित है।
जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय सदस्य मनीष सिन्हा ने कहा कि झारखंड की जनता ने जिस उम्मीद से सरकार बनाई है, उसे पूरा किया जाएगा। जनता के उम्मीदों के अनुसार विकास योजनाओं को धरातल में उतारा जाएगा। जिला उपाध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि 4 फरवरी को स्थापना दिवस के कार्यक्रम में गाजे-बाजे एवं दल बल के साथ पहुंचने का काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। संचालन जिला संयुक्त सचिव राकेश सिन्हा ने किया। मौके पर केंद्रीय सदस्य हसन इमाम, दीनू पाण्डेय, संयुक्त सचिव अमर सिंह, अल्पसंख्यक अध्यक्ष मो कलाम अंसारी, नगर सचिव विकास कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सोनू सोनी, उपाध्यक्ष रवि शंकर रॉय, रंजीत सिंह, अनंत अंबष्ठ, राम कुमार, नगर उपाध्यक्ष विकास कुमार, सोनू सिन्हा आदि थे।