गया जी में पिता का पिंडदान करने निकले थे सुरेश, बोकारो स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरकर गई जान
महाराष्ट्र के गोंदिया से अपने पिता का पिंडदान करने गया जी जा रहे 63 वर्षीय सुरेश कुमार भोलवानी की बोकारो ...और पढ़ें

जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)
HighLights
पिता का पिंडदान करने गया जी जा रहे थे सुरेश कुमार।
बोकारो स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय हुआ हादसा।
प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच गिरने से मौके पर ही मौत।
जागरण संवाददाता, बोकारो। पिता का पिंडदान करने के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया से गया जी जा रहे 63 वर्षीय सुरेश कुमार भोलवानी की शुक्रवार को बोकारो रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में जान चली गई।
वह अपने दो भांजे के साथ पितृपक्ष में श्राद्ध कर्म के लिए गयाजी जा रहे थे। बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर चेरलापल्ली-पटना विशेष ट्रेन के खुलने के दौरान वह पानी की बोतल लेने के बाद चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे।
इसी क्रम में उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच खाली जगह में जा गिरे। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:17 बजे की है।
हादसा होते ही स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। ट्रेन को तत्काल रुकवाया गया और रेलवे कर्मियों की मदद से उन्हें प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
रेलवे के चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरेश ट्रेन की वातानुकूलित कोच संख्या एम-7 में यात्रा कर रहे थे।
चलती ट्रेन में चढ़ते देख बचाने दौड़ी महिला कॉन्स्टेबल
प्लेटफार्म नंबर एक पर ड्यूटी में तैनात महिला कॉन्स्टेबल एम.जिना पात्रों ने वृद्ध को चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते देखा। वह तत्काल उनकी ओर दौड़ीं और उन्हें बचाने का प्रयास किया।
लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही सुरेश कुमार का पैर और शरीर का कुछ हिस्सा ट्रेन तथा प्लेटफार्म के बीच फंस गया था। स्थिति को देखते हुए महिला कॉन्स्टेबल ने तत्काल ट्रेन को रुकवाने की पहल की।
ट्रेन रुकने के बाद काफी मशक्कत से सुरेश कुमार को बाहर निकाला गया। इसके बाद रेलवे चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की भीड़ जमा हो गई। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पिता का पिंडदान करने निकले थे, रास्ते में ही छूटा साथ
मृतक की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया जिला अंतर्गत सिंधु भवन, सिविल लाइन के निकट काली मंदिर निवासी सुरेश कुमार भोलवानी के रूप में हुई है।
उनके भांजे अनिल कुमार कुलवादवा ने बताया कि वह अपने भाई एवं मामा सुरेश कुमार भोलवानी के साथ अपने पिता का पिंडदान करने गया जा रहे थे। पितृपक्ष के अवसर पर दोनों महाराष्ट्र से गया के लिए निकले थे।
यात्रा के दौरान बोकारो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद मामा पानी की बोतल लेने के लिए नीचे उतरे थे। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी।
पानी लेकर उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच जा गिरे। देखते ही देखते परिवार के साथ गयाजी पहुंचकर पिता का पिंडदान करने की उनकी यात्रा मातम में बदल गई।
जीआरपी प्रभारी अमरेंद्र कोटवार और स्टेशन प्रबंधक एसके नायक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बर्थडे मनाने औरंगाबाद से बोकारो गया था परिवार, बंद घर से तोड़फोड़ कर 20 लाख का सामान ले गए चोर
