पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी बने बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन के महामंत्री, संभालेंगे ददई दूबे की विरासत
झारखंड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी को सर्वसम्मति से बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन का महामंत्री चुना गया है।

पूर्व श्रम मंत्री केएन त्रिपाठी बने महामंत्री। (जागरण)
HighLights
केएन त्रिपाठी बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन के महामंत्री चुने गए।
दिवंगत नेता ददई दूबे की विरासत संभालेंगे त्रिपाठी।
मजदूरों के हितों की रक्षा व समस्याओं का समाधान प्राथमिकता।
जागरण संवाददाता, बोकारो। झारखंड सरकार के पूर्व श्रम मंत्री केएन त्रिपाठी अब दिवंगत नेता ददई दूबे की विरासत संभालेंगे।
उन्हें सर्वसम्मति से बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन का महामंत्री चुना गया। रविवार को यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष कमल दूबे की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई।
महामंत्री का पद रिक्त होने पर त्रिपाठी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इसके बाद पदाधिकारियों और सदस्यों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
त्रिपाठी ने कहा कि बोकारो स्टील प्लांट के कर्मचारी उत्पादन के नए कीर्तिमान स्थापित कर राष्ट्र के विकास में योगदान दे रहे हैं। उनकी समस्याओं का समाधान और मजदूरों के हितों की रक्षा यूनियन की प्राथमिकता है।
यूनियन इसके लिए हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने प्रबंधन से मजदूर हित में उठाई गई मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि संयंत्र में औद्योगिक शांति बनी रहे।
लोगों को ना करें गुमराह
उन्होंने प्लांट के उच्च पदस्थ अधिकारियों को आगाह किया कि वे यूनियन के नाम पर गलत लोगों को प्रश्रय न दें। औद्योगिक संबंध विभाग के अधिकारियों से भी उन्होंने यूनियन की कार्यक्षमता और सदस्यों के बारे में उच्च प्रबंधन को गुमराह न करने को कहा।
बैठक का संचालन संयुक्त महामंत्री गोपाल ठाकुर ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आईडी पासवान, उपाध्यक्ष अजय चौबे, मोहन दूबे, जगदीश पांडेय, संतोष कुमार राय, मंतोष कुमार पांडेय, रमेश राय, आरके मिश्रा, संजय कुमार ठाकुर, अजय कुमार, अनिल प्रसाद, यूके मंडल, वीरेंद्र कुमार, उमेश मेहरा, संजीव कुमार, शिव प्रसाद, प्रवीण पांडेय, एनके ठाकुर, मनीष मिश्रा, महेंद्र प्रसाद मेहता और सोमनाथ पाल समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।
चिड़िया माइंस और किरीबुरु क्षेत्र के प्रतिनिधियों सहित अन्य स्थानों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें- BSL Diwali Gift: बोकारो इस्पात संयंत्र की अनूठी पहल, 20 हजार ठेका श्रमिकों को मिलेगा रिलायंस गिफ्ट कूपन
