विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

साधारण होटल में पहुंचे हेमंत सोरेन, पत्नी कल्पना ने खुद बनाई चाय; बोकारो में CM की सरप्राइज विजिट से फैंस हैरान

Published: Tue, 20 Oct 2026 12:45 PM (IST)

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने कसमार के एक साधारण होटल में अचानक रुककर लोगों को चौंका दिया।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कसमार के होटल में अचानक की विजिट।

  2. पत्नी कल्पना सोरेन ने अपने हाथों से बनाई गरमा-गरम चाय।

  3. स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री के सहज अंदाज की खूब सराहना की।

जागरण संवाददाता, बोकारो। सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनकी पत्नी सह गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन का एक बेहद सहज, सरल और अनौपचारिक अंदाज मंगलवार को कसमार में देखने को मिला।

भारी सुरक्षा और वीआईपी प्रोटोकॉल से इतर मुख्यमंत्री अचानक अपने काफिले के साथकसमार-नेमरा रोड के शुरुआती पॉइंट पर स्थित गुड्डू होटल के एक साधारण होटल में जा पहुंचे।

कसमार की गलियों में सूबे के मुखिया को इस तरह आम आदमी की तरह एक छोटे होटल में बैठे देख वहां मौजूद लोग एक पल के लिए हैरान रह गए।

विधायक पत्नी ने खुद बनाई चाय 

इस दौरान होटल के भीतर का माहौल पूरी तरह पारिवारिक और आत्मीय नजर आया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने होटल में बैठकर करीब आधे घंटे तक स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ उठाया।

इस दौरान उन्होंने गरमा-गरम चाय और पकौड़ियों का स्वाद लिया। सबसे खास आकर्षण रहीं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, जिन्होंने एक आम गृहिणी की तरह खुद चूल्हा-चौकी संभाला। उन्होंने अपने हाथों से चाय बनाई और मुख्यमंत्री के साथ-साथ चाय का आनंद लिया। 

उमड़ी भीड़, सेल्फी और वीडियो के लिए मची होड़

जैसे ही इलाके के लोगों को यह खबर मिली कि मुख्यमंत्री उनके बीच एक छोटे से होटल में रुके हैं। होटल के बाहर देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने चहेते नेताओं की एक झलक पाने, उनके साथ सेल्फी लेने और अपने मोबाइल में वीडियो कैद करने के लिए बेताब दिखे।

होटल के अंदर से लेकर बाहर सड़क तक लोगों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को भी भीड़ संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

नेमरा के लिए पैक कराईं पकौड़ियां और जलेबियां

होटल में आधा घंटा समय बिताने के बाद सीएम सोरेन और कल्पना सोरेन ने चाय-पकौड़ी के साथ-साथ ताजी जलेबियों का भी आनंद लिया।

जाते-जाते उन्होंने रास्ते के लिए आलू चोप, विशेष पकौड़ियां और गरमा-गरम जलेबियां पैक करवाईं और उन्हें अपने साथ अपने पैतृक गांव नेमरा ले गए।

इसके बाद वे कसमार-नेमरा मार्ग से होते हुए अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर गए। मुख्यमंत्री के इस सरप्राइज विजिट ने होटल संचालक कुणाल जायसवाल और कसमार के स्थानीय लोगों के इस दिन को बेहद यादगार बना दिया।

यह भी पढ़ें- मां की अस्थियां विसर्जित कर नेमरा से रांची लौटे CM Hemant Soren, भाई बसंत से मिलने जा सकते हैं Singapore