संत जेवियर्स स्कूल बोकारो व मसी मार्शल विद्यालय ने जीते मैच
हजारीबाग कैथोलिक धर्म प्रांत शिक्षा समिति की ओर से संत जेवियर्स स्कूल में शनिवार को बोकारो विकारिएट अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। स्कूल के उप प्राचार्य फादर अरुण मिज ने दीप प्रज्वलित कर टूर्नामेंट की शुरुआत की।
जागरण संवाददाता, बोकारो: हजारीबाग कैथोलिक धर्म प्रांत शिक्षा समिति की ओर से संत जेवियर्स स्कूल में शनिवार को बोकारो विकारिएट अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। स्कूल के उप प्राचार्य फादर अरुण मिज ने दीप प्रज्वलित कर टूर्नामेंट की शुरुआत की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद फुटबॉल को किक कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक है। यह नेतृत्व क्षमता को विकसित करता है। साथ ही अनुशासन का पाठ पढ़ाता है। इस क्षेत्र में करियर की असीम संभावनाएं हैं।
जूनियर ग्रुप में संत जेवियर्स स्कूल बोकारो, हिंदी माध्यम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्मेल स्कूल करगली को 3-0 गोल से पराजित कर दिया। सीनियर ग्रुप में मसी मार्शल स्कूल कंजकिरो ने कार्मेल इंग्लिश मीडियम स्कूल बोकारो थर्मल को 5-0 गोल से पराजित कर दिया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 18 अगस्त को खेला जाएगा।