ईंट का प्रहार कर दोस्त ने ही कर दी थी रोहित की हत्या
संवाद सहयोगी, चंद्रपुरा : मंगलवार को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में मिले किशोर रोहि
संवाद सहयोगी, चंद्रपुरा :
मंगलवार को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में मिले किशोर रोहित की हत्या का खुलासा चंद्रपुरा पुलिस ने कर दिया है। रोहित का हत्यारा कोई और नहीं बल्की उसका दोस्त सुखराम ही था। पुलिस को सुखराम ने हत्या के बारे में पूरा घटनाक्रम बता दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि यूपी निवासी युवक सुखराम कोढि़या पट्टी में एक रिश्तेदार के यहां पिछले 17 अगस्त को आया था। यहां वह पहले भी दो-तीन बार आ चुका है। वहीं रोहित भी अपनी बहन के यहां अक्सर आता रहता था। रक्षाबंधन के मौके पर रोहित बहन के घर राखी बंधवाने आया था। सोमवार की शाम बहन के घर खाना खाने के बाद रोहित व सुखराम एक साथ थे। सुखराम सोमवार की शाम बीयर खरीद कर बाजार में ही पी लिया और रोहित को पहाड़ी पर ले जाकर बीयर पिलाया। इसके पहले सुखराम गांजा और देशी शराब का भीे सेवन कर चुका था। इसके बाद दोनों शौच करने के लिए बस्ती से सटे एक निर्माणाधीन मकान के निकट नाले की ओर चले गए। यहां दोनों के बीच एक लड़की को लेकर बहस हो गयी। दोनों एक ही लड़की को पसंद करते थे। इसी बात पर रोहित से वह नाराज था। आपसी कहासुनी के बाद नशे की हालत में दोनों में मारपीट शुरू हो गई। सुखराम ने रोहित को पटककर उसके चेहरे पर ईट से प्रहार कर दिया। इसके बाद उसे पास के ही पानी से भरा हुआ एक गडढे में डाल दिया। बारिश होने लगी तो घर जाकर सो गया। मंगलवार सुबह वह घटनास्थल पर रोहित के शव को देखने भी गया कि कहीं वह बच तो नहीं गया था। लेकिन मरा देख वह घर आकर पुन: दारू पीकर सो गया। घंटों बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।