नए सत्र में विद्यार्थियों को नहीं मिलीं नई पुस्तकें
बोकारो बोकारो जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को नए सत्र में अब तक नई
बोकारो : बोकारो जिले के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को नए सत्र में अब तक नई पुस्तकें नहीं मिली हैं। इसलिए वे पुरानी पुस्तकों से ही पढ़ाई कर रहे हैं। कुछ पुरानी पुस्तकों के पन्ने फट गए हैं। इसलिए विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
1522 विद्यालयों में 1 लाख 71 हजार विद्यार्थी नामांकित
जिले में 1522 सरकारी विद्यालय हैं। इनमें कक्षा एक से आठवीं तक की शिक्षा प्रदान की जाती है। इन विद्यालयों में लगभग 1 लाख 71 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों को हर वर्ष नई पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। लेकिन विभाग की ओर से अब तक बोकारो जिला को नई पुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। विद्यार्थी नई पुस्तक मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
बुक बैंक की पुस्तकों से चलाया जा रहा काम
बोकारो के सरकारी विद्यालयों में बुक बैंक की स्थापना की गई है। उत्तीर्ण विद्यार्थियों से पुस्तकें लेकर बुक बैंक में जमा की जाती हैं। इन पुस्तकों को जरुरत के हिसाब से विद्यार्थियों के बीच वितरित किया जाता है। नए सत्र में बुक बैंक से ही काम चलाया जा रहा है। बुक बैंक की पुरानी पुस्तकें विद्यार्थियों को प्रदान की गई हैं।
---
वर्जन
विभाग से अब तक नई पुस्तकें प्राप्त नहीं हुई हैं। नई पुस्तकें प्राप्त होने के पश्चात विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेणुका तिग्गा, जिला शिक्षा अधीक्षक